जयपुर: रायसर में नेशनल हाईवे-148 पर बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्विफ्ट कार टायर फटने से खाई में गिर गई। कार में 6 दोस्त थे, इनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल दो युवकों को निम्स हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। सभी युवक आगरा (यूपी) के रहने वाले थे, जो खाटूश्यामजी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।
घटना के बाद लगा एक घंटे तक जाम
पुलिस के अनुसार एक्सीडेंट में आगरा के रामबाग के रहने वाले अतुल वार्षण (35), कालनदी विहार के मुकुल जायसवाल (21), रूपेश जाटव (25) और शिवा सिंह (20) की मौत हुई है।
वहीं, आगरा के ही नुनिहाई के रहने वाले राहुल शर्मा (36) और ब्लकेश्वर के अर्पित बंसल (20) घायल हैं। हादसे के बाद मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे तक ट्रैफिक स्लो रहा। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने के बाद पुलिस ने ट्रैफिक क्लियर करवाया। क्रेन की मदद से कार को हटवाया गया।
ये भी पढ़ें: बीजेपी विधायक विश्नोई का अपनी ही सरकार पर तंजः इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को लेकर X पर पोस्ट कर उठाए सवाल
ओवरस्पीडिंग के कारण बढ़ रहे एक्सीडेंट
ट्रांसपोर्ट और पुलिस डिपार्टमेंट के अलग-अलग डेटा के अनुसार राजस्थान देशभर में सड़क हादसों में छठे स्थान पर बना हुआ है। राज्य में वर्ष 2025 में हुए कुल 23,820 हादसों में से 15,647 दुर्घटनाएं तेज गति के कारण हुईं।
इनमें करीब 7,600 लोगों की जान गई। वर्ष 2025 में हादसे कम हुए, लेकिन मौतें ज्यादा हुई हैं। प्रदेश में 2024 के मुकाबले 2025 में 1,018 दुर्घटनाएं कम हुईं, लेकिन इसके बावजूद 307 अधिक लोगों की मौत हो गई।
कुल दुर्घटनाओं में से करीब 63 फीसदी हादसे ओवरस्पीडिंग के कारण हो रहे हैं।

