शिवपुरी: जिले की बैराड़ तहसील के जरियाकला गांव निवासी भारत जाटव अपनी जीवित पत्नी शुक्रवती जाटव को सरकारी दस्तावेजों में दोबारा जिंदा दर्ज कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। पंचायत के रिकॉर्ड में उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया। इसके चलते पत्नी का नाम परिवार के राशन कार्ड में नहीं जुड़ पा रहा है। भारत का कहना है कि वह पत्नी को साथ लेकर बैराड़ तहसील, जनपद पंचायत और थाने तक के चक्कर लगा चुका है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
भारत जाटव के मुताबिक उनकी शादी दुल्हारा गांव निवासी शुक्रवती जाटव से करीब पांच साल पहले हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक शुक्रवती का नाम उसके मायके के राशन कार्ड में दर्ज रहा और इसी के जरिए उसे खाद्यान्न मिलता रहा। बाद में भारत ने पत्नी का नाम जरियाकला पंचायत में अपने परिवार के राशन कार्ड में जुड़वाने की प्रक्रिया शुरू की।
पंचायत ने दस्तावेजों में मृत घोषित किया
इसी दौरान पंचायत रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि शुक्रवती को दस्तावेजों में मृत घोषित किया जा चुका है। भारत के अनुसार, समग्र आईडी और खाद्यान्न पर्ची को जोड़ने की प्रक्रिया के दौरान उसका नाम हटाया गया था। इसी के साथ रिकॉर्ड में उसे गलती से मृत दर्ज कर दिया गया। इसके बाद समग्र आईडी और आधार से संबंधित रिकॉर्ड में भी परेशानी सामने आई।
भारत का कहना है कि पत्नी उसके साथ जीवित है, फिर भी सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज होने के कारण उसे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वह लगातार संबंधित कार्यालयों में आवेदन और संपर्क कर रिकॉर्ड दुरुस्त कराने का प्रयास कर रहा है।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ डिजिटल प्लेटफॉर्म, देशभर के आंदोलनों को जोड़ने की पहल
सचिव बोले- गलती से हुआ ऐसा
दुल्हारा पंचायत के सचिव मलखान सिंह बघेल ने बताया कि समग्र आईडी और खाद्यान्न पर्ची को जोड़ने के अभियान के दौरान गांव से बाहर रहने वाले लोगों, मृत व्यक्तियों और शादी के बाद दूसरे स्थान पर चली गई महिलाओं के नाम हटाए गए थे। इसी प्रक्रिया में शुक्रवती का नाम हटाते समय त्रुटिवश उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया।
सचिव ने बताया कि करीब एक माह पहले इस गलती की जानकारी मिली। इसके बाद उनकी आईडी रिकवर कर ली गई है। अब जरियाकला पंचायत में शुक्रवती का नाम परिवार के राशन कार्ड में जोड़ने की प्रक्रिया शेष है।

