मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉरेंस गैंग के नाम से एक कथित धमकी भरा लेटर और ऑडियो मैसेज वायरल हुआ है। इसमें आमिर खान की हाल ही में गौरी स्प्रैट से हुई शादी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं और कथित तौर पर उन्हें धमकी दी गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह लेटर आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नाम से जारी होने का दावा किया जा रहा है। इसमें लिखा गया है कि आमिर खान की शादी को “लव जिहाद” बताते हुए इसका विरोध किया जाएगा। हालांकि, इस लेटर और ऑडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब तक मुंबई पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, आमिर खान या उनकी टीम की तरफ से भी इस कथित धमकी पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इससे पहले आमिर खान ने अपनी तीसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे “लव जिहाद” के आरोपों पर भी सफाई दी थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि, उनकी तीनों शादियां स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हुईं और उनकी किसी भी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया। उन्होंने यह भी बताया कि गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं बल्कि ईसाई हैं।
आमिर ने यह भी कहा, कि उनकी बेटी इरा खान की शादी एक हिंदू युवक से हुई है। साथ ही उनके परिवार में भी अलग-अलग धर्मों में शादियां हुई हैं, जो उनकी निजी पसंद और आपसी सम्मान का हिस्सा हैं।
बता दें कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने 5 जुलाई को मुंबई स्थित अभिनेता के घर पर बेहद निजी समारोह में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी का पंजीकरण कराया था। इस समारोह में केवल परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे।
फिलहाल कथित धमकी वाले लेटर और ऑडियो की आधिकारित पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस या संबंधित एजेंसियों की आधिकारिक जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।

