वेलिंग्टन: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अभिषेक ने महज 38 गेंदों में 113 रनों की पारी खेली और टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। खास बात यह है कि अभिषेक ने कोहली से 197 पारियां कम खेलकर यह उपलब्धि हासिल की है।
216 पारियों में पूरे किए 11 शतक
अभिषेक शर्मा ने अपने टी20 करियर की 216 पारियों में 11 शतक पूरे कर लिए हैं। वहीं विराट कोहली ने 413 टी20 पारियों में 10 शतक लगाए हैं। इस तरह अभिषेक ने कम पारियों में ही कोहली के शतकों का रिकॉर्ड पार कर लिया।
पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अब अभिषेक तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल 22 शतकों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि पाकिस्तान के बाबर आजम 13 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। विराट कोहली, क्विंटन डिकॉक और डेविड वॉर्नर के नाम 10-10 शतक हैं।
टी20 इंटरनेशनल में सूर्यकुमार यादव की बराबरी
न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया गया यह शतक अभिषेक शर्मा के टी20 इंटरनेशनल करियर का चौथा शतक भी रहा। इसके साथ ही उन्होंने सूर्यकुमार यादव की बराबरी कर ली है। दोनों बल्लेबाजों के नाम अब चार-चार टी20 इंटरनेशनल शतक दर्ज हैं।
भारतीय बल्लेबाजों में रोहित शर्मा पांच शतकों के साथ सबसे आगे हैं। वहीं संजू सैमसन तीन और केएल राहुल दो शतक लगा चुके हैं।
15 गेंदों में अर्धशतक, 35 गेंदों में पूरा किया शतक
वेलिंग्टन में खेले गए मुकाबले में अभिषेक शर्मा शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने केवल 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 35 गेंदों में शतक लगा दिया। अपनी 113 रनों की पारी में उन्होंने 9 चौके और 11 छक्के लगाए।
अभिषेक की इस बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। उनकी पारी की बदौलत भारत ने बड़े लक्ष्य को भी आसानी से हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें: युवराज सिंह के मजाक पर अभिषेक शर्मा का जवाब, बोले- 12 गेंदों में 50 रन बनाना आसान नहीं
भारत ने 40 गेंद बाकी रहते हासिल किया लक्ष्य
न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 13.2 ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीत लिया।40 गेंद बाकी रहते 190+ रन चेज करना फुल मेंबर देशों में नया रिकॉर्ड है। अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी ने भारत को जीत दिलाई और उन्हें टी20 के बड़े रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल कर दिया।

