Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news4 दिन बाद NTA को मिली पेपर लीक की जानकारी, जानें कब...

4 दिन बाद NTA को मिली पेपर लीक की जानकारी, जानें कब हो सकती है अगली परीक्षा ?

नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने NEET-UG 2026 परीक्षा में पेपर लीक की बात स्वीकार करते हुए इसे एजेंसी की बड़ी विफलता बताया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रश्नपत्र का एक भी सवाल बाहर गया है, तो यह एजेंसी की ‘जीरो टॉलरेंस और जीरो एरर’ नीति का उल्लंघन है।

दरअसल, 3 मई को आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा के बाद से लगातार पेपर लीक के आरोप लग रहे थे। अब पहली बार NTA की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

NTA महानिदेशक ने स्वीकार की जिम्मेदारी

NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा ‘मैं यह नहीं कहूंगा कि पूरा पेपर लीक हुआ था, लेकिन अगर एक भी सवाल हमारे प्रश्नपत्र से मेल खाता है, तो हमारी पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठता है। हम इसकी जिम्मेदारी लेते हैं और उसी के अनुसार कार्रवाई करेंगे।’

छात्र संगठनों, अभिभावकों और विपक्षी दलों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे थे। सरकार और NTA पर प्रशासनिक लापरवाही के आरोप भी लगाए गए थे।

7 मई को मिली थी पहली सूचना

जानकारी के अनुसार, परीक्षा के चार दिन बाद यानी 7 मई की रात को NTA को पहली बार एक मुखबिर के जरिए पेपर लीक की सूचना मिली थी। बताया गया कि एजेंसी को एक हस्तलिखित PDF साझा की गई, जिसमें परीक्षा के कई सवाल मूल प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह PDF परीक्षा से पहले 1 और 2 मई को कुछ मोबाइल फोन पर भेजी गई थी। जो सबसे पहले महाराष्ट्र के नासिक स्थित एक कोचिंग संस्थान तक पहुंची थी। इसके बाद इसे अलग-अलग राज्यों में फैलाया गया।

राजस्थान पुलिस से मिली सूचना के आधार पर नासिक क्राइम ब्रांच ने शुभम खैरनार नामक युवक को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि शुभम इस पूरे नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दे सकता है।

दोबारा होगी NEET-UG परीक्षा

NTA ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। एजेंसी के अनुसार परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नया शेड्यूल अगले 7 से 10 दिनों में जारी किया जा सकता है।

NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने या अतिरिक्त फीस जमा करने की जरूरत नहीं होगी। पहले जमा की गई फीस मान्य रहेगी और परीक्षा एजेंसी के आंतरिक संसाधनों से आयोजित कराई जाएगी।

केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील

एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।

गौरतलब है कि साल 2024 में भी NEET-UG परीक्षा विवादों में रही थी। बिहार में कई अभ्यर्थियों पर आरोप लगे थे कि उन्होंने प्रश्नपत्र पहले से हासिल करने के लिए 30 से 50 लाख रुपये तक का भुगतान किया था।

वहीं, गुजरात के गोधरा में एक शिक्षक पर पैसे लेकर छात्रों की OMR शीट भरने में मदद करने का आरोप लगा था। इसके अलावा 67 छात्रों के फुल मार्क्स आने को लेकर भी देशभर में विवाद हुआ था।

NEET परीक्षा पर खर्च और कमाई

बता दें NEET परीक्षा आयोजित कराने में लगभग 200 करोड़ रुपये का खर्च आता है, जबकि उम्मीदवारों की आवेदन फीस से एजेंसी को करीब 300 करोड़ रुपये की आय होती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन