भोपाल: एम्स भोपाल ने मरीजों की सुविधा के लिए व्हाट्सऐप आधारित डिजिटल सेवा शुरू की है। अब मरीज घर बैठे डॉक्टर की अपॉइंटमेंट लेने, उपलब्ध स्लॉट की जानकारी प्राप्त करने, जांच रिपोर्ट देखने और डाउनलोड करने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए किसी अलग मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड करने या वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होगी।
एक ही माध्यम पर कई स्वास्थ्य सेवाएं
नई सेवा के माध्यम से मरीज बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की अपॉइंटमेंट और उपलब्ध समय-स्लॉट की जानकारी ले सकेंगे। इसके अलावा आभा पहचान संख्या बनाने या उसे जोड़ने की सुविधा भी व्हाट्सऐप पर उपलब्ध होगी। मरीज प्रयोगशाला और अन्य जांचों की रिपोर्ट भी इसी माध्यम से देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
छुट्टी का सारांश और प्रमाण-पत्र भी मिलेंगे
अस्पताल से छुट्टी के समय जारी किया जाने वाला चिकित्सकीय सारांश भी मरीजों को व्हाट्सऐप के जरिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही एम्स की ओर से जारी जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र प्राप्त करने और डाउनलोड करने की सुविधा भी दी गई है। मरीजों को ओपीडी और अन्य सेवाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी भी इसी माध्यम से मिल सकेगी।
24 घंटे उपलब्ध रहेगी सेवा
एम्स भोपाल की यह डिजिटल सेवा 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी। इससे मरीजों को केवल अपॉइंटमेंट, रिपोर्ट या प्रमाण-पत्र लेने के लिए अस्पताल आने की जरूरत कम होगी। एम्स के अनुसार, इससे मरीजों की कतार और प्रतीक्षा समय घटाने के साथ अस्पताल में भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेन्द्र कोतवाल (सेवानिवृत्त) के निर्देशन में यह सेवा शुरू की गई है। इसका सार्वजनिक परीक्षण संस्करण आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है। एम्स का उद्देश्य एक ही डिजिटल माध्यम पर मरीजों को अधिक से अधिक जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से इसे ‘एक व्हाट्सऐप, सभी स्वास्थ्य सेवाएं’ की अवधारणा के तहत शुरू किया गया है।

