थाईलैंड। Phuket International Airport पर Air India Express की फ्लाइट IX-938 की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। हैदराबाद से फुकेत पहुंची फ्लाइट की हार्ड लैंडिंग के दौरान विमान का नोज़ लैंडिंग गियर (नोज़ व्हील) टूट गया, जिससे विमान रनवे पर कुछ दूरी तक फिसलता हुआ रुका। इस घटना के वक्त विमान में 133 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाल लिया गया और एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में ले जाया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लैंडिंग के वक्त हुआ तकनीकी हादसा
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट IX-938 ने हैदराबाद से सुबह 6:42 बजे उड़ान भरी थी और थाईलैंड के फुकेत एयरपोर्ट पर स्थानीय समयानुसार लगभग 11:40 बजे लैंड हुई। लैंडिंग के दौरान ही अचानक नोज़ व्हील में तकनीकी खराबी आ गई और वह टूट गया। इसके बाद विमान रनवे पर स्लाइड करते हुए रुक गया। हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट की इमरजेंसी और फायर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
रनवे छह घंटे के लिए बंद
फुकेत एयरपोर्ट पर केवल एक ही ऑपरेशनल रनवे है। इस वजह से हादसे के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, विमान को रनवे से हटाने और सुरक्षा जांच के चलते करीब छह घंटे तक रनवे बंद रखा गया। इस दौरान कम से कम 12 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
एयरलाइन का आधिकारिक बयान
Air India Express ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि- Hyderabad–Phuket फ्लाइट IX-938 को लैंडिंग के दौरान नोज़ व्हील से जुड़ी तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। पायलट और क्रू ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरलाइन ने यह भी बताया कि इंजीनियरिंग टीम और स्थानीय एविएशन अथॉरिटी विमान की तकनीकी जांच कर रही हैं।
क्यों अहम होता है नोज़ व्हील
विमान का नोज़ लैंडिंग गियर फ्लाइट के लिए बेहद अहम हिस्सा होता है। यह टेकऑफ, टैक्सींग और लैंडिंग के दौरान विमान की दिशा और संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। अगर लैंडिंग के समय नोज़ व्हील टूट जाए तो विमान के रनवे से फिसलने या नियंत्रण खोने का खतरा बढ़ जाता है। इस मामले में पायलट की सूझबूझ और तुरंत कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
जांच शुरू
बता दें थाईलैंड की एविएशन अथॉरिटी और एयरलाइन की तकनीकी टीम ने घटना की डिटेल जांच शुरू कर दी है। जिसमें ब्लैक बॉक्स डेटा, लैंडिंग स्पीड और मौसम की स्थिति का भी विश्लेषण किया जा रहा है ताकि हादसे की असली वजह पता चल सके। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन ने साफ किया है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई।


