नई दिल्ली: एयरटेल के संस्थापक और देश के जाने-माने उद्योगपति सुनील भारती मित्तल को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। ब्रिटेन के बाद अब फ्रांस ने भी उनके काम की सराहना की है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मित्तल को प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजियन ऑफ ऑनर’ देने की घोषणा की है।
यह सम्मान भारत और फ्रांस के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ टेलीकॉम और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया जाएगा। सम्मान समारोह 28 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित फ्रांसीसी दूतावास में आयोजित किया जाना है।
भारत और फ्रांस के रिश्तों को मजबूत बनाने में योगदान
सुनील मित्तल का फ्रांस के साथ कारोबारी संबंध काफी पुराना है। वर्ष 1992 में जब भारत में मोबाइल सेवाओं की शुरुआत का दौर था, तब फ्रांस की एक कंपनी ने भारती समूह के साथ मिलकर काम किया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग लगातार आगे बढ़ा।
भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मथौ ने भी मित्तल के योगदान की सराहना की है। उन्होंने कहा कि मित्तल लंबे समय से फ्रांस के अच्छे मित्र रहे हैं। वर्तमान में वह यूरोपीय सैटेलाइट कंपनी यूटेलसैट के को-चेयरमैन के रूप में भी काम कर रहे हैं। इसके जरिए अंतरिक्ष संचार और डिजिटल सेवाओं में भारत तथा फ्रांस के बीच सहयोग को बढ़ावा मिल रहा है।
200 साल से भी पुराना है यह सम्मान
फ्रांस का यह प्रतिष्ठित सम्मान वर्ष 1802 में नेपोलियन बोनापार्ट ने शुरू किया था। यह फ्रांस का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान है, जिसे अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले लोगों को प्रदान किया जाता है।
इस सम्मान के कई स्तर हैं और नाइट इसकी एक श्रेणी है। सुनील मित्तल को इसी श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।
पहले ब्रिटेन भी कर चुका है सम्मानित
सुनील भारती मित्तल को इससे पहले भी कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2007 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था।
इसके बाद वर्ष 2024 में ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने उन्हें मानद नाइट कमांडर (KBE) सम्मान प्रदान किया। वह यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय नागरिक बने थे।
अब फ्रांस की ओर से मिलने वाला यह सम्मान उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ने जा रहा है।
यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले रसोई का बजट बिगड़ा, चावल-चीनी से लेकर दाल और तेल तक महंगे होने की चिंता
सम्मान मिलने पर क्या बोले सुनील मित्तल?
फ्रांस की ओर से सम्मान दिए जाने की घोषणा पर सुनील मित्तल ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना जाना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने फ्रांस के साथ अपने पुराने कारोबारी संबंधों को याद करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए वह लगातार काम करते रहेंगे।
सुनील मित्तल ने एयरटेल को भारत की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों में शामिल करने के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पहचान बनाई है। अब फ्रांस का यह सम्मान उनके कारोबारी सफर के साथ भारत और फ्रांस के बढ़ते आर्थिक संबंधों को भी दर्शाता है।

