ड्रिप के बाद शराब…मना करने पर मरीज ने चलाई गोली

सतनामध्य प्रदेश के सतना जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां इलाज के लिए भर्ती एक युवक ने अस्पताल परिसर में ही दहशत फैला दी। देर रात वार्ड के अंदर ड्रिप लगवाने के बाद आरोपी मरीज ने शराब पीना शुरू कर दिया। जब ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने उसे रोका, तो वह आगबबूला हो गया और अस्पताल के बाहर जाकर कट्टे से फायर कर फरार हो गया।

डॉक्टर की समझाइश पर भड़का मरीज

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, 23 वर्षीय शिवम द्विवेदी पिछले कुछ दिनों से कमजोरी की शिकायत के चलते भर्ती था। शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे वार्ड स्टाफ ने उसे बेड पर बैठकर शराब पीते हुए देखा। सूचना मिलने पर ड्यूटी डॉक्टर मौके पर पहुंचे और मरीज को अस्पताल के नियमों का पालन करने के लिए समझाया। लेकिन बात समझाने के बजाय युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और माहौल बिगाड़ दिया।

जिसके बाद डॉक्टर की चेतावनी से नाराज होकर आरोपी अस्पताल से बाहर निकल गया। उसने अपनी बाइक स्टार्ट की और कट्टे से फायर कर दिया। इस दौरान ड्यूटी डॉक्टर बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज से पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के बीच डर का माहौल बन गया।

आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी है। अस्पताल प्रबंधन ने भी लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर अब प्रशासन को कड़े कदम उठाने की जरूरत महसूस हो रही है। सवाल यह भी है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हथियार लेकर कोई व्यक्ति कैसे पहुंच गया?

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *