बालाघाट। जिला युवा कांग्रेस मंडला के अध्यक्ष संजु अहिरवार पर अवैध शराब परिवहन पर 34(2) का मामला दर्ज किया गया है। जिस पर उन्होंने अग्रिम जमानत भी न्यायालय से मांगी हुई थी जिसे निरस्त कर दिया गया है। जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया में वायरल हुई तो कांग्रेस में हडक़ंप मच गया। बता दें कि बालाघाट नैनपुर रोड रेलवे फाटक के पास ग्राम पादरीगंज लामता थाना चागोंटोला में मप्र आबकारी अधिनियम 1915 34(2) के तहत दर्ज मामले में संजु अहिरवार को आरोपी बनाया गया है। घटना 25 मार्च 2026 की बताई गई है अवैध शराब के साथ दो फोर व्हीलर वाहन भी जप्त किए गए थे। मुख्य आरोपी संदीप चौधरी निवासी नैनपुर वार्ड नंबर एक को गिरफ्तार कर लिया गया था और संजु अहिरवार फरार हो गए थे।
पुलिस ने मामले की गहन छानबीन की पुलिस अधीक्षक बालाघाट के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी चागोंटोला ने विशेष टीम गठित कर मामले को सुलझा लिया है। इस मामले के साक्षीगणों के बयानों के आधार पर संजु अहिरवार जो कि पाठा सिहोरा नैनपुर के निवासी हैं पर मामला दर्ज किया गया है। साक्षीगणों ने अपने बयान पर संजु अहिरवार के कहने पर अवैध शराब लाने की बात कहीं हैं। बता दें कि बालाघाट जिले के थाना चांगोटोला में बीते माह लाखों रूपए की अवैध शराब पुलिस के द्वारा पकड़ी गई थी इसी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने रेलवे फाटक के समीप कार्यवाही करते हुए करीब 134 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब जब्त की है जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना चांगोटोला में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक मुन्नालाल पटले 25 मार्च 2026 को हमराह स्टाफ के साथ क्षेत्र में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों की पतासाजी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टवेरा वाहन एमएच31/सीआर 0313 तथा एक वेगनार कार एमपी51/सीए/1105 में अवैध शराब भरकर विक्रय हेतु पादरींज से नैनपुर की ओर ले जाई जा रही है सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेलवे फाटक के पास पाटादेह तिराहे पर घेराबंदी कर दी कुछ समय बाद दोनों संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचे जिन्हें रोक लिया गया। कार्यवाही के दौरान वेगनार कार का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोडकऱ फरार हो गया जबकि टवेरा चालक को पुलिस ने पकड़ लिया पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने अपना नाम संदीप चौधरी 36 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 6 नैनपुर बताया उसने स्वीकार किया कि दोनों वाहन एक साथ चल रहे थे और अवैध शराब के परिवहन में उपयोग किए जा रहे थे पुलिस ने दोनों वाहनों को थाना परिसर लाकर पंचों की उपस्थिति में तलाशी ली। टवेरा वाहन की डिक्की एवं बीच की सीट से कुल 15 पेटियां शराब बरामद हुईं। इनमें विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी एवं देशी शराब शामिल थी मैकडॉवेल्स नंबर 1 रम की 7 पेटियां 336 पाव,मैकडॉवेल्स नंबर 1 व्हिस्की की 2 पेटियां 96 पाव,गोवा व्हिस्की की 1 पेटी 50 पाव,बकार्डी मैंगो चिली की 12 बोतल,बकार्डी लिमोन की 12 बोतल,ब्लैक बाय बकार्डी रम की 12 बोतल,सिग्नेचर व्हिस्की की 12 बोतल, देशी प्लेन मदिरा की 1 पेटी 50 पाव वहीं फरार चालक की वेगनार कार की तलाशी के दौरान एक कार्टन में ब्लैक डॉग, टीचर्स और ब्लेंडर्स प्राइड ब्रांड की तीन अंग्रेजी शराब की बोतलें भी बरामद हुईं।

पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों से कुल 134 लीटर 10 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। सभी शराब की पेटियों एवं नमूनों को विधिवत सीलबंद कर जब्ती पंचनामा तैयार किया गया। पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी ई.साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त टवेरा वाहन एमएच31/सीआर 0313 एवं वेगनार वाहन एमपी51/सीए/1105 को पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी संदीप चौधरी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34/2 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। बता दें कि जिले में अकसर कांग्रेस पार्टी शराब और रेत को लेकर आंदोलन चलाया करती हैं और अधिकांश बार उन्हीं के कार्यकर्ता इस कार्य में लिप्त पाए जाते है। इस घटना से कांग्रेस में हडक़ंप मच गया है। वहीं सूत्रों का कहना है कि हाल ही में मंडला आए कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के कार्यक्रम में भी उक्त पदाधिकारी दूर दूर तक नजर नही आए। सूत्रों का कहना है कि अध्यक्ष जी का मोबाईल बंद हो गया है और कार्यकर्ता उन्हें खोज रहे हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी मंडला के अध्यक्ष डॉ.अशोक मर्सकोले ने कहा: “सोशल मीडिया से मुझे जानकारी मिली है। संबंधित कार्यकर्ता संजू का मोबाइल 15 दिनों से बंद है। मेरी उससे मुलाकात भी नहीं हुई है। मामले की जानकारी ले रहा हूं।”

