Friday, October 2, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsअमित शाह आज पहुंचेंगे भोपाल, 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में होंगे...

अमित शाह आज पहुंचेंगे भोपाल, 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में होंगे शामिल

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज (शुक्रवार) भोपाल पहुंचेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वे शनिवार, 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्यों के जुटने की संभावना है। इस दौरान शाह पशुपालकों को बोनस राशि वितरित करने के साथ गौशालाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। साथ ही गोपालक दीदियों का सम्मान और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में आयोजित इस सम्मेलन में कृषक कल्याण वर्ष के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से किए गए कार्यों और बलराम कृषि महोत्सव की गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को बोनस तथा गौशालाओं को सहायता राशि देने के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

दूध से आगे बढ़ेगा सांची का कारोबार

अमित शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ करेंगे। इस परियोजना में केंद्र सरकार ने छह करोड़ रुपये का अनुदान दिया है, जबकि भोपाल सहकारी दुग्ध संघ ने 10.80 करोड़ रुपये का अंशदान किया है। प्लांट में प्रतिदिन 40 हजार लीटर दूध के प्रसंस्करण की क्षमता है। इसके शुरू होने से सांची के उत्पादों की विविधता बढ़ाने और दूध से आगे बढ़कर अन्य डेयरी उत्पादों के कारोबार को विस्तार देने में मदद मिलेगी।

उज्जैन में 255 करोड़ से बनेगा आधुनिक डेयरी प्लांट

उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में दुग्ध कारोबार को बढ़ावा देने के लिए 255 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित किया जाएगा। अमित शाह भोपाल से इस परियोजना का डिजिटल भूमिपूजन करेंगे। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ की ओर से प्रस्तावित इस प्लांट के लिए राज्य सरकार 170 करोड़ रुपये का अनुदान देगी, जबकि शेष 85 करोड़ रुपये दुग्ध संघ ऋण के माध्यम से जुटाएगा। परियोजना को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्लांट के शुरू होने से दूध के प्रसंस्करण और उससे बनने वाले उत्पादों की क्षमता में वृद्धि होगी।

नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का करेंगे उद्घाटन

डेयरी और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रमों के अलावा अमित शाह भेल दशहरा मैदान में पुलिस मुख्यालय की ओर से आयोजित नए आपराधिक कानूनों की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन भी करेंगे। इसके बाद वे भौंरी स्थित आईआईएसईआर के अत्रि परिसर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे के बाद अमित शाह का भोपाल प्रवास राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि उनके घोषित कार्यक्रमों का मुख्य केंद्र डेयरी क्षेत्र का विस्तार, सहकारी संस्थाओं को मजबूती देना, पशुपालकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाना और विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास करना है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

20 to 26 September 2026
13 to 19 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन