Saturday, October 3, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में आज अमित शाह: 35 हजार गोपालकों का जुटेगा जमावड़ा, डेयरी...

भोपाल में आज अमित शाह: 35 हजार गोपालकों का जुटेगा जमावड़ा, डेयरी से नई आपराधिक कानूनों तक कई सौगातें

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को भोपाल में दिनभर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे का प्रमुख कार्यक्रम भेल दशहरा मैदान में होने वाला राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन है, जिसमें मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य शामिल होंगे। सम्मेलन में दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और सहकारिता को बढ़ावा देने के साथ किसानों और पशुपालकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

शाह के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तैयारियों की समीक्षा की है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां की गई हैं। सम्मेलन में भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम समेत कई जिलों से गोपालक पहुंचेंगे।

गोपालकों को बोनस, गौशालाओं को सहायता

गोपालक सम्मेलन में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि वितरित किए जाने का कार्यक्रम है। पंजीकृत गौशालाओं के लिए सहायता राशि, गोपालक दीदियों का सम्मान और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के तहत स्वीकृति पत्र वितरित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। सम्मेलन में राज्य के किसान कल्याण कार्यक्रमों और बलराम कृषि महोत्सव से जुड़े कार्यों की जानकारी भी दी जाएगी।

उज्जैन में 255 करोड़ के डेयरी प्लांट का भूमि-पूजन

अमित शाह उज्जैन में प्रस्तावित करीब 255 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। इस प्लांट की दूध प्रसंस्करण क्षमता तीन लाख लीटर प्रतिदिन बताई गई है। इसके अलावा भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया जाएगा। करीब 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस संयंत्र की प्रतिदिन 40 हजार लीटर प्रसंस्करण क्षमता है। यहां दूध से दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे।

नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का उद्घाटन

शाह भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। यह प्रदर्शनी 3 से 7 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें नए कानूनों के साथ पुलिस जांच में तकनीक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के इस्तेमाल को प्रदर्शित किया जाएगा। अपराध की सूचना से लेकर घटनास्थल की जांच, फोरेंसिक जांच, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वॉड और डिजिटल साक्ष्य तक की प्रक्रिया को लाइव प्रदर्शन के माध्यम से समझाया जाएगा। साइबर सुरक्षा और ई-जीरो एफआईआर जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

केंद्र-राज्य के लंबित मुद्दों पर होगी बैठक

गोपालक सम्मेलन और अन्य कार्यक्रमों के बाद अमित शाह मध्यप्रदेश सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित विषयों पर बैठक करेंगे। बैठक में गृह, पुलिस और केंद्र से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके अलावा नारकोटिक्स से जुड़े विषयों पर भी कार्यक्रम रखा गया है।

आईआईएसईआर परिसर का शिलान्यास, विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण

शाह भोपाल के भौरी क्षेत्र में प्रस्तावित आईआईएसईआर-एटीआरआई परिसर का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही संस्थान के मुख्य परिसर में स्वामी विवेकानंद की नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण भी कार्यक्रम में शामिल है। शिक्षा और उच्च शिक्षा से जुड़े ये कार्यक्रम उनके भोपाल दौरे के अंतिम चरण का हिस्सा होंगे।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

27 SEPTEMBER TO 3 OCTOBER 2026
20 to 26 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन