भोपाल: भोजताल के आसपास निर्माण और भराव को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) द्वारा गठित टीम ने ड्रोन सर्वे शुरू किया है। गौहर महल से शुरू हुए सर्वे में हवाई तस्वीरों के साथ ग्राउंड ट्रुथिंग कर मौके की स्थिति दर्ज की गई।
टीम ने खानूगांव, आर्मी खेल क्षेत्र, ग्राम कोहेफिजा, हलालपुरा के फिजा फार्म, लैंडमार्क मैरिज गार्डन के पीछे और चिरायु अस्पताल क्षेत्र का निरीक्षण किया। खानूगांव में कई जगह FTL और हरित पट्टी के मुनारे मौके पर नहीं मिले। कुछ स्थानों पर पानी का फैलाव भी काफी आगे तक पाया गया।
हलालपुरा में पुल के आगे पानी, मैरिज गार्डन के पीछे 6 फीट भराव
हलालपुरा के फिजा फार्म क्षेत्र में पक्का पुल मिला, जिसके आगे तक पानी फैला हुआ था। लैंडमार्क मैरिज गार्डन के पीछे सड़क के आसपास करीब 6 फीट तक भराव मिला। यहां मैरिज गार्डन और पार्किंग क्षेत्र में भी भराव के निशान पाए गए। FTL के मुनारे इस हिस्से में भी स्पष्ट नहीं दिखे।
तालाब में जलकुंभी, रिटेनिंग वॉल के ऊपर से बहा पानी
करबला पंप हाउस और श्रीन नदी के आसपास तालाब में जलकुंभी व पानी में उगने वाली घास का फैलाव मिला। कई जगह रिटेनिंग वॉल के ऊपर से पानी बहता दिखाई दिया।
ड्रोन सर्वे से भोजताल की FTL सीमा, हरित पट्टी और आसपास हुए भराव की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। बैरागढ़ क्षेत्र का सर्वे अभी बाकी है।

