Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news25 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, सरकार को आंदोलन...

25 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, सरकार को आंदोलन की चेतावनी

बालाघाट: अखिल भारतीय आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय आह्वान पर शुक्रवार को बालाघाट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने काला दिवस मनाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री के नाम कलेक्टर को 25 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड धर्मशाला में आयोजित बैठक के दौरान संगठन की जिलाध्यक्ष अंजली बिसेन ने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद वर्ष 2019 से 2023 तक के 6 प्रतिशत एरियर का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मानदेय का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है, जबकि आंगनबाड़ी कर्मियों से लगातार अतिरिक्त कार्य कराया जा रहा है।

संगठन ने मांग की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 38 हजार रुपये और सहायिकाओं का 25 हजार रुपये किया जाए। साथ ही सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, लंबित एरियर का भुगतान करने और अतिरिक्त कार्य का बोझ कम करने की भी मांग उठाई गई।

ज्ञापन में पोषण ट्रैकर और संपर्क एप को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन कार्य करने में भारी परेशानी होती है, लेकिन इसके बावजूद मानदेय में कटौती कर दी जाती है। उन्होंने मांग की कि ऑनलाइन और ऑफलाइन व्यवस्था में स्पष्ट नीति बनाई जाए तथा एप की तकनीकी समस्याओं का खामियाजा कर्मचारियों पर न डाला जाए।

इसके अलावा सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने, सेवानिवृत्त कर्मियों को ग्रेच्युटी का लाभ देने, सेवा के दौरान मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, ट्रेड यूनियन अधिकारों की मान्यता, चार श्रम संहिताओं को निरस्त करने और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सरकार से निर्णय लेने की मांग की गई।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 12 अगस्त से उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा और विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन