Wednesday, August 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMP में 10वीं-12वीं परीक्षा आवेदन में APAAR ID बनी बाधा, अनिवार्यता खत्म...

MP में 10वीं-12वीं परीक्षा आवेदन में APAAR ID बनी बाधा, अनिवार्यता खत्म करने की मांग

भोपाल: मध्यप्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं के करीब नौ लाख विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन में APAAR ID की अनिवार्यता परेशानी का कारण बन सकती है। इसे देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने चालू शैक्षणिक सत्र में APAAR ID को अनिवार्य करने के बजाय वैकल्पिक ID के रूप में स्वीकार करने की मांग माध्यमिक शिक्षा मंडल से की है।

कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की APAAR ID बनाने के लिए निर्धारित समय सीमा में सभी विद्यार्थियों की ID तैयार नहीं हो सकी है। इसी वजह से लोक शिक्षण संचालनालय ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाने और इस सत्र में APAAR ID की अनिवार्यता खत्म करने का अनुरोध किया है।

20 फीसदी विद्यार्थियों की APAAR ID अभी बाकी

लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं के नामांकन और कक्षा 10वीं-12वीं के परीक्षा आवेदन में APAAR ID को अनिवार्य जानकारी के तौर पर मांगा गया है। वर्तमान सत्र में कक्षा 9वीं से 12वीं तक करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थियों की APAAR ID बन चुकी है, जबकि लगभग 20 प्रतिशत विद्यार्थियों की ID अभी बनना बाकी है।

ये भी पढ़े

परीक्षा के 45 दिन पहले अचानक बदल दिया कॉमर्स स्नातक अभ्यर्थियों की परीक्षा का पाठ्यक्रम

ऐसे में विभाग को आशंका है कि यदि APAAR ID अनिवार्य रही तो जिन विद्यार्थियों की ID अभी तक नहीं बनी है, वे कक्षा 9वीं के नामांकन या 10वीं-12वीं की परीक्षा के आवेदन से वंचित हो सकते हैं। इसका असर विद्यार्थियों के वार्षिक परीक्षा में शामिल होने पर भी पड़ सकता है।

16 अगस्त तक बढ़ाई जाए आवेदन की अंतिम तारीख

लोक शिक्षण संचालनालय ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से अनुरोध किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं के नामांकन और कक्षा 10वीं-12वीं के परीक्षा आवेदन में APAAR ID को वैकल्पिक ID के तौर पर स्वीकार किया जाए। इसके साथ ही आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 16 अगस्त 2026 तक बढ़ाने की मांग की गई है। विभाग का कहना है कि इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिनकी APAAR ID अभी तैयार नहीं हुई है।

2027-28 से अनिवार्य करने का प्रस्ताव

लोक शिक्षण संचालनालय ने APAAR ID को पूरी तरह खत्म करने की मांग नहीं की है, बल्कि इस शैक्षणिक सत्र में इसे वैकल्पिक रखने का सुझाव दिया है।विभाग के प्रस्ताव के मुताबिक, शैक्षणिक सत्र 2027-28 से कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा आवेदनों में APAAR ID को अनिवार्य किया जा सकता है।

इससे विद्यार्थियों को APAAR ID बनवाने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा और भविष्य में परीक्षा आवेदन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी या दस्तावेजी परेशानी से बचा जा सकेगा।

क्या है APAAR ID?

APAAR यानी Automated Permanent Academic Account Registry विद्यार्थियों की शैक्षणिक पहचान से जुड़ी डिजिटल ID है। इसे भारत सरकार की शिक्षा व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित और व्यवस्थित करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

फिलहाल मध्यप्रदेश में APAAR ID बनाने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा और नामांकन आवेदन में इसे वैकल्पिक रखने का प्रस्ताव दिया है। अब इस पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के फैसले का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 26 July to 1 August 2026
Bhopal – 19 to 25 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन