आइची/नागोया: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने अपने दूसरे Pool B मुकाबले में इंडोनेशिया को 17-1 के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दीपिका सेहरावत, ऋतुजा पिसाल और नवनीत कौर ने हैट्रिक लगाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
तीन खिलाड़ियों ने लगाई हैट्रिक
इंडोनेशिया के खिलाफ भारतीय टीम शुरुआत से ही आक्रामक नजर आई। दीपिका, ऋतुजा और नवनीत ने तीन-तीन गोल दागे। इनके अलावा भी भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार गोल करते हुए इंडोनेशिया की टीम पर दबाव बनाए रखा।
इंडोनेशिया की टीम मुकाबले में केवल एक गोल कर सकी और भारत ने मैच 17-1 से अपने नाम कर लिया।
पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था
भारत की यह टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था। उस मैच में दीपिका ने अकेले आठ गोल किए थे। अब इंडोनेशिया के खिलाफ हैट्रिक के साथ टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों में उनके 11 गोल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने परिवार संग किए लालबागचा राजा के दर्शन, गणपति बप्पा से लिया आशीर्वाद
अब थाईलैंड से मुकाबला
लगातार दो बड़ी जीत के बाद भारतीय महिला टीम अब अपने अगले Pool B मुकाबले में थाईलैंड का सामना करेगी। यह मैच बुधवार को खेला जाएगा।

