तिवसा। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में स्थित तिवसा में पारिवारिक विवाद से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही बेटे और बहू को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कार चढ़ाने का आरोप लगा है। इस घटना में होटल और परिसर की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो पूरे घटनाक्रम को दिखाता है।
जानकारी के अनुसार,आरोपी जमा खान नामक व्यक्ति ने होटल के सामने खड़ी अपनी कार को तेज गति से चलाते हुए अपने बेटे आजाद खान और बहू अश्विनी खान की ओर मोड़ दिया। आरोप है कि उन्होंने दोनों को जान से मारने की नीयत से कार चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि दोनों ने किसी तरह अपनी जान बचा ली, लेकिन इस घटना में अश्विनी खान गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके दोनों पैरों और कमर में चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद अश्विनी खान ने अपने ससुर जमा खान के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर, जमा खान ने भी अपने बेटे आजाद खान के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि बेटे ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन पर पत्थर फेंके।
इस पूरे मामले ने पारिवारिक विवाद को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अपने ही पिता द्वारा बेटे और बहू पर कार चढ़ाने के कथित प्रयास से इलाके में सनसनी फैल गई है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

