लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें अदालत में पेश किया गया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था।
आजम खां को शनिवार को रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद एजेंसी उन्हें गाजियाबाद की विशेष अदालत लेकर पहुंची। ईडी ने अदालत से पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड की मांग की थी। एजेंसी ट्रस्ट और विश्वविद्यालय से जुड़े वित्तीय लेनदेन के संबंध में उनसे पूछताछ करना चाहती है।
यह भी पढ़ें: हनी सिंह के भतीजे की सड़क हादसे में मौत, फ्लाईओवर पर खड़े ट्रैक्टर से टकराई कार
कोर्ट परिसर में जुटे समर्थक
आजम खां की पेशी को देखते हुए अदालत परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के बीच पूरे परिसर में सतर्कता बरती गई। पेशी की सूचना मिलने पर समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई।
अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद आजम खां को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

