दमोह: मध्य प्रदेश की वर्तमान घटनाओं को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने चिंता जताई है। दमोह में सामने आए गौकशी के मामले और सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब कांड को लेकर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी साथ ही समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी की जरूरत पर जोर दिया।
समाज में जागरूकता होना चाहिए
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इन घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लेने की अपील भी की।उनका कहना है कि समाज को बेहतर बनाने के लिए लोगों को स्वयं पहल करनी होगी और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना होगा।
हिंदुओं को एकजुट होने का संदेश दिया
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों बुंदेलखंड में रथयात्रा निकाल कर सनातनी हिंदुओं को एकजुट होने का संदेश दे रहे है। सोमवार देर रात उनकी यात्रा दमोह जिले के हटा पहुंची। रात 3 बजे भी हजारों की संख्या में लोग यहां मौजूद थे और धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी बात लोगों के बीच में रखी यात्रा का उद्देश्य बताया।
शराब से समाज को खतरा
बाबा बागेश्वर ने बीते दिनों हुई गोकशी की सनसनीखेज घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गाय को हम मां मानते है और आज कसाई मां काट रहे है, कल बेटिया काटेंगे। इतना ही नहीं उन्होंने सागर जिले के बंडा में हुए जहरीली शराब कांड को याद करते हुए कहा कि आज समाज को जात पात से खतरा है, उतना ही खतरा शराब या नशे से है।
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने पर अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को घेरा
यात्रा का उद्देश्य बताया
बुंदेलखंड में नशे के बढ़ते असर को देखते हुए उन्होंने लोगों से संकल्प लेकर नशा मुक्ति की तरफ कदम बढ़ाने को कहा। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने महिला शक्ति को संबोधित करते हुए कहा दुर्गा बनना, काली बनना लेकिन बुर्के वाली नहीं बनना। बाद में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने यात्रा का उद्देश्य बताया।

