उत्दंड पुलिसकर्मियों पर बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा का बड़ा एक्सन !

एक एएसआई निलंबित तो 3 थाना प्रभारियों सहित कई पुलिसकर्मी लाइन अटैच

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन को लेकर कड़ा संदेश दिया गया है। बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा ने एक समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एक कार्यवाहक एएसआई को तत्काल निलंबित कर दिया। इस फैसले के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है और यह साफ हो गया है कि अब ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मीटिंग के दौरान एक्सन

दरअसल, एसपी द्वारा सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी लंबित शिकायतों की समीक्षा की जा रही थी। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न थानों के अधिकारी जुड़े हुए थे। इसी दौरान थाना कोतवाली से एक लंबित शिकायत पर चर्चा हो रही थी, तभी स्क्रीन पर मौजूद कार्यवाहक एएसआई रामकिशोर रहांगडाले बार-बार हंसते हुए नजर आए।

एसपी ने जब सीधे उनसे इस व्यवहार का कारण पूछा, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। थाना प्रभारी से भी जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे अनुशासनहीनता माना। इसके बाद एसपी ने बिना देरी किए सख्त कदम उठाते हुए एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन के साथ विभागीय जांच शुरू

वहीं आदेश के तहत आरोपी पुलिसकर्मी को रक्षित केंद्र से अटैच कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी और हर गणना में उपस्थिति अनिवार्य की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार भत्ता दिया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, सिर्फ एक एएसआई ही नहीं, बल्कि एसपी ने कोतवाली थाना प्रभारी कामेश धुमकेती, ग्रामीण थाना प्रभारी अमित अग्रवाल और रामपायली थाना प्रभारी दिलीप मौर्य समेत कई पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है और पुलिस विभाग में सख्ती का माहौल बन गया है।

इस पूरे घटनाक्रम को प्रशासनिक सुधार के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल कार्य संस्कृति में सुधार होगा, बल्कि जनता की शिकायतों के समाधान में भी तेजी आएगी। इस कार्यवाही में जीरो टॉलरेंस और सख्त नीति को देखा जा सकता है, जिसमें किसी भी प्रकार का उल्लंघन और अनुचित व्यवहार को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *