ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की चर्चाओं के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। उनकी पार्टी अवामी लीग के राष्ट्रव्यापी बंद के ऐलान के बाद कई जिलों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं।
कई इलाकों में प्रदर्शन के दौरान हमले और आगजनी
गुरुवार को बांग्लादेश के कई इलाकों में प्रदर्शन के दौरान हमले और आगजनी हुई। इस बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग पर देश में हिंसा फैलाने और साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि कुछ लोग अपने आकाओं को खुश करने के लिए देश में अशांति पैदा कर रहे हैं। बांग्लादेश में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच हालात पर सबकी नजर बनी हुई है।
रहमान ने गुरुवार को लालमोनिरहाट में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 16 साल तक जबरन सत्ता में रहने के बाद देश छोड़कर भागे लोग अब सीमा पार से बांग्लादेश के खिलाफ साजिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “वे जिस देश में भागकर गए हैं, वहीं उनके आका हैं। उन्हें खुश करने के लिए वे बांग्लादेश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। देश छोड़ने के बाद भी उन्होंने आगजनी और लोगों की हत्या करने की राजनीति बंद नहीं की है।”
तारिक ने किसी देश का नाम नहीं लिया
तारिक ने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को भारत की ओर इशारे के तौर पर देखा जा रहा है। शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के दौरान सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत आ गई थीं। तब से वे भारत में रह रही हैं।
कई जगह आगजनी
शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशभर में एक दिन के बंद का ऐलान किया था। पार्टी ने हसीना की वापसी की मांग को लेकर करीब एक हफ्ते तक प्रदर्शन और रैलियां की थीं। इसके बाद बंद बुलाया गया।
बंद का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी बांग्लादेश के उन जिलों में देखने को मिला, जहां अवामी लीग का मजबूत जनाधार है। इस दौरान कई जगह आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं सामने आईं।
ये भी पढ़ें: अब कार्तिकेय चौहान के नजदीकी आरोपी शरद गोस्वामी को लेकर उठे सवाल…?
हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ा तनाव
बांग्लादेश में 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी।
उनकी सरकार ने अवामी लीग पर बैन लगा दिया था और पार्टी के हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था।
हसीना ने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। इस महीने उन्होंने दोबारा कहा कि वह हर हाल में दिसंबर में लौटेंगी। इसके बाद से देश में राजनीतिक तनाव बढ़ा है।

