ढाका ; बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में एक गारमेंट फैक्ट्री के अंदर सोमवार शाम एक हिंदू सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40-42 वर्षीय बजेंद्र बिस्वास के रूप में हुई है, जो अंसार (बांग्लादेश की पैरामिलिट्री फोर्स) का सदस्य था और फैक्ट्री की सुरक्षा में तैनात था। आरोपी उनका साथी गार्ड नोमान मिया है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना भालुका उपजिला के मेहराबारी इलाके में स्थित सुल्ताना स्वेटर्स लिमिटेड फैक्ट्री में शाम करीब 6:45 बजे हुई। पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, दोनों गार्ड फैक्ट्री परिसर के अंसार बैरक में साथ बैठे थे। नोमान ने कथित तौर पर मजाक में शॉटगन तानकर कहा और ट्रिगर दबा दिया, जिससे गोली बजेंद्र की जांघ में लगी और उनकी मौत हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिछले 12 दिनों में तीसरी बड़ी वारदात
यह पिछले 12 दिनों में हिंदू समुदाय के खिलाफ तीसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 18 दिसंबर को मयमनसिंह के ही भालुका में दीपू चंद्र दास की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाकर जला दिया था। इसके बाद 24 दिसंबर को राजबाड़ी में अमृत मंडल की हत्या हुई। इन घटनाओं से बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं, अंतरिम सरकार से सख्त कार्रवाई की उम्मीद है


