नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात हुई बैठक के बाद हड़ताल टालने पर सहमति बनी। ऐसे में बैंक सोमवार को सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे और ग्राहकों के लिए बैंकिंग सेवाएं एवं लेन-देन जारी रहेंगे।
बचे हुए शनिवारों की छुट्टी पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति
UFBU ने 27 सितंबर को जारी सर्कुलर में बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक में बैंकिंग क्षेत्र में बचे हुए शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर चर्चा हुई। इस पर दोनों पक्षों की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है।
यह समिति इस मुद्दे से जुड़े सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों के साथ चर्चा कर समाधान तलाशने का प्रयास करेगी।
बैंक अधिकारियों की पीएलआई योजना पर भी चर्चा
हड़ताल स्थगित करने के फैसले के साथ ही बैंक अधिकारियों के लिए प्रस्तावित परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना पर भी चर्चा हुई। बैठक में सहमति बनी कि स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए पीएलआई योजना को लेकर IBA के साथ आगे बातचीत की जा सकती है।
सरकार को भेजा जाएगा संशोधित प्रस्ताव
यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए पीएलआई योजना का संशोधित प्रस्ताव सरकार को भेजने पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक की कार्यवाही में दर्ज लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान के लिए बातचीत आगे बढ़ाने का फैसला हुआ है।
यानी फिलहाल बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टल गई है और सोमवार से बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है।

