रायसेन: जिला मुख्यालय से 80 किमी दूर बेगमगंज से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक ही परिवार की स्कॉर्पियो की धौलपुर-मुरैना मार्ग पर ट्रक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में बेगमगंज के 2 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कपड़ा व्यापारी का परिवार बदायूं जा रहा था
बेगमगंज एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि नगर के कपड़ा व्यापारी नबी अहमद के परिजन स्कॉर्पियो से भोपाल होते हुए उत्तर प्रदेश के बदायूं जा रहे थे। इसी दौरान मुरैना जिले में बाबा देवपुरी के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें: पत्नी को महंगी गाड़ियों का शौक, शोरूम कर्मचारी ने चुरा ली 23 लाख की कार
मां-बेटे की मौके पर मौत
हादसे में बदरे आलम की पत्नी और उनके 11 वर्षीय बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं फैजान सहित परिवार के 6 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और धौलपुर जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में सभी घायलों का उपचार शुरू किया गया। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर भोपाल रेफर किया गया है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर बेगमगंज पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव बेगमगंज लाए जाएंगे, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। एक सफर जो खुशियों के साथ शुरू हुआ था, उसने परिवार को कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया।

