Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबेगमगंज में आज से सफाई व्यवस्था ठप्प, सभी 60 सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल...

बेगमगंज में आज से सफाई व्यवस्था ठप्प, सभी 60 सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

बेगमगंज: अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के आह्वान पर नगर पालिका परिषद बेगमगंज के सभी 60 सफाईकर्मी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के कारण नगर के सभी 18 वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो गई है। दीपावली पर्व को मात्र तीन दिन बचे हैं, ऐसे में हड़ताल से नगर में हाहाकार की स्थिति बन गई है।

एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

विभिन्न मांगों को लेकर सफाईकर्मी गुरुवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में गोपाल खरे, नर्मदा प्रसाद, जीवन खरे, धर्मेंद्र घबरिया, संजय नरवरे, मिथुन खरे, श्रीमती शोभा बाई, सावित्रीबाई, रेखा बाई, सहोदराबाई, विक्की खरे, राजुल, करण, देवेंद्र, विकास, आकाश, विनोद, राजा, अमित, विजय सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे। इस दौरान वार्ड पार्षद अहमद अली भी मौजूद रहे।

आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग

ज्ञापन में प्रमुख मांग की गई है कि आउटसोर्स व्यवस्था नीति को समाप्त कर स्थाई एवं नियमित भर्ती की जाए। नगरीय निकायों, चिकित्सालयों, विद्यालयों, छात्रावासों एवं अन्य संस्थाओं में कार्यरत विनियमित, दैनिक वेतनभोगी, रोस्टर संविदा एवं अन्य श्रेणियों के पात्र सफाईकर्मियों को नीति बनाकर नियमित किया जाए।

समान कार्य के लिए समान वेतन

सफाईकर्मियों ने समान कार्य के लिए समान वेतनमान की मांग की है। उन्होंने सम्मानजनक न्यूनतम वेतन 25,000 रुपए निर्धारित करने के साथ महंगाई एवं अन्य भत्तों सहित सभी वैधानिक सुविधाओं का लाभ देने की मांग रखी। पात्र कर्मचारियों को योग्यता और अनुभव के अनुसार पदोन्नति का लाभ देने की भी मांग की गई है।

पुरानी पेंशन और स्वास्थ्य सुरक्षा की मांग

ज्ञापन में वर्ष 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू कर सुरक्षित एवं सम्मानजनक पेंशन का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही सभी सफाईकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, जोखिम बीमा एवं समुचित उपचार की सुविधा देने की मांग की गई है। गंभीर रूप से बीमार कर्मचारी को चिकित्सा लाभ, कार्यजनित अक्षमता एवं असमय मृत्यु की स्थिति में प्रभावी सहायता नीति बनाने तथा सेवानिवृत्ति के बाद आश्रित को रोजगार देने की व्यवस्था पर विचार करने की भी मांग की गई है।

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर हिंसा की जांच करेगी पूर्व जज की कमेटी, SC ने सौंपे वीडियो और शिकायतें

18 वार्डों में कचरा उठना बंद, नागरिक चिंतित

हड़ताल के कारण सभी 18 वार्डों में घर-घर से कचरा कलेक्शन करने वाले 15 कचरा वाहन नहीं चल पाएंगे। नगर में प्रतिदिन करीब 1 टन कचरा संकलित कर डिस्पोजल किया जाता है, जो अब जमा होने लगेगा। दीपावली से पहले होने वाली विशेष सफाई भी प्रभावित होगी। इसको लेकर नागरिकों में चिंता बढ़ गई है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन