पश्चिम बंगाल। विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में मतदान के दौरान माहौल बेहद तेज, सक्रिय और हाई-वोल्टेज बना हुआ है। सुबह 11 बजे तक करीब 39.97% मतदान दर्ज किया गया, जो इस बात का संकेत है कि इस चरण में भी बंपर वोटिंग देखने को मिल सकती है। कोलकाता सहित छह जिलों नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा की 142 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जहां 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कर रहे हैं। इसी बीच कुछ इलाकों से हिंसा की घटनाएं और EVM से छेड़छाड़ की आशंकाएं सामने आई हैं, जिससे चुनावी माहौल और अधिक संवेदनशील व सतर्क हो गया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल,भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि कुछ बूथों पर EVM के बटन पर टेप लगाया गया, जिससे वोटिंग प्रभावित हो सकती है, और उन्होंने पुन: मतदान की मांग उठाई। इस पर चुवान आयोग ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर जांच में किसी भी तरह की छेड़छाड़ की पुष्टि होती है, तो संबंधित बूथों पर पुन: मतदान कराया जाएगा। आयोग ने यह भी साफ किया कि हर शिकायत को वास्तविक समय निगरानी प्रणाली के तहत सत्यापित किया जा रहा है।
कैसे हो रही है निगरानी?
जानकारी के मुताबिक, पूरे फेज में 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग और लाइव निगरानी लागू की गई है। साथ ही सुरक्षा के लिए 2,400 से अधिक केंद्रीय बलों की कंपनियों को तैनात किया गया है। इसी के साथ लोकल पुलिस और क्विक रिस्पॉन्स टीम्स भी अलर्ट मोड पर है।
हाई-प्रोफाइल सीट पर नजर
वहीं भवानीपुर सीट इस फेज की सबसे चर्चित सीट है, जहां ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला है। इस सीट को छोटा युद्धक्षेत्र माना जा रहा है, जो राज्य की राजनीति की दिशा तय कर सकती है।

