कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना बहुप्रतीक्षित घोषणापत्र जारी कर दिया है। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट पेश करते हुए राज्य के लिए बड़े वादों और योजनाओं का खाका सामने रखा।
बीजेपी ने किए कई वादे
- घोषणापत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। बीजेपी ने दावा किया कि राज्य में “भयमुक्त वातावरण” तैयार किया जाएगा, जहां आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे।
- पार्टी ने युवाओं को ध्यान में रखते हुए रोजगार सृजन के लिए नई औद्योगिक नीतियों का वादा किया है। साथ ही स्टार्टअप्स को बढ़ावा, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता लाने की बात कही गई है।
- घोषणापत्र में सरकारी कर्मचारियों के हितों की रक्षा, लंबित मांगों के समाधान और वेतन विसंगतियों को दूर करने का आश्वासन दिया गया है। वहीं किसानों के लिए समर्थन मूल्य, सिंचाई सुविधाओं और फसल सुरक्षा को लेकर नई योजनाएं लागू करने की बात कही गई है।
- बीजेपी ने महिलाओं के लिए विशेष सुरक्षा तंत्र, तेज न्याय प्रणाली और आर्थिक सशक्तिकरण योजनाओं का ऐलान किया है। साथ ही गरीब वर्ग के लिए आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी नई योजनाओं का वादा किया गया है।
TMC सरकार पर सीधा हमला
इसी के साथ अमित शाह ने मंच से अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि- “बीते वर्षों में जनता की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार और राजनीतिक हिंसा बढ़ी है, जिससे आम जनता बदलाव चाहती है।”

