Sunday, November 8, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में 15 जनवरी को आर्मी डे परेड, 60 टन के टैंक...

भोपाल में 15 जनवरी को आर्मी डे परेड, 60 टन के टैंक दौड़ाने के लिए 3.5 किमी सड़क होगी मजबूत

भोपाल। राजधानी भोपाल में 15 जनवरी को प्रस्तावित आर्मी डे परेड की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परेड का मुख्य आयोजन बीएचईएल के कालीबाड़ी मार्ग पर किया जाना है। आयोजन में करीब 50 हजार दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। परेड में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को ध्यान में रखते हुए सड़क से लेकर दर्शकों की बैठक व्यवस्था और सैनिकों के ठहरने तक की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

परेड के लिए कालीबाड़ी मार्ग के करीब 3.5 किलोमीटर हिस्से को मजबूत किया जाएगा। सड़क की चौड़ाई लगभग 15 मीटर करने और बीच के डिवाइडर हटाने की योजना है। मार्ग को इस तरह तैयार किया जाएगा कि यहां करीब 60 टन तक के सैन्य टैंक और बख्तरबंद वाहन आसानी से गुजर सकें। सड़क पर लेन और परेड लाइन की मार्किंग की जाएगी। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट, जल निकासी व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। मार्ग के तीन से चार चौराहों में बदलाव, अतिक्रमण हटाने तथा जरूरत के अनुसार बिजली के खंभे और डिस्प्ले शिफ्ट करने की भी तैयारी है।

10, 12 और 13 जनवरी को होगी फाइनल रिहर्सल

परेड की फाइनल रिहर्सल 10, 12 और 13 जनवरी को प्रस्तावित है, जबकि तैयारियां और अभ्यास 15 दिसंबर से शुरू होंगे। परेड स्थल को 7 जनवरी तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। शौर्य संध्या की रिहर्सल 10 और 13 जनवरी को होगी। अपर लेक में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कॉम्बेट डेमो की तैयारियां 5 जनवरी तक पूरी करने की योजना है। स्टैटिक और डायनामिक डिस्प्ले की तैयारियां 2 जनवरी तक पूरी कर 6 और 8 जनवरी को अभ्यास किया जाएगा।

41 हजार से अधिक दर्शकों के बैठने की योजना

प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, परेड में वीवीआईपी के लिए 500, वीआईपी के लिए 2500 और आम दर्शकों के लिए करीब 38 हजार सीटें रखी जाएंगी। कॉम्बेट डेमो के दौरान 300 वीवीआईपी और 800 से 1000 वीआईपी दर्शकों के बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है। स्टैटिक और डायनामिक डिस्प्ले के लिए भी अलग दर्शक क्षेत्र तैयार किए जाएंगे।

4500 सैनिकों के ठहरने के लिए 1000 टेंट

बाहर से आने वाले सैनिकों के ठहरने के लिए जंबूरी मैदान में 700 और हेमा स्कूल रोड पर 300 टेंट लगाने की योजना है। इन टेंटों में करीब 4500 सैनिकों के ठहरने की व्यवस्था होगी। पेयजल, स्वच्छता, फर्नीचर, मोबाइल शौचालय, सीसीटीवी और बैरिकेडिंग जैसी सुविधाएं जुटाई जाएंगी। इसके अलावा करीब 10 वीवीआईपी अतिथि कक्ष भी तैयार किए जाएंगे।

जंबूरी मैदान में लगभग 360 मीटर लंबा और 250 मीटर चौड़ा क्षेत्र स्टैटिक और डायनामिक डिस्प्ले के लिए विकसित किया जाएगा। यहां बफर जोन, कल्मिनेशन एरिया, एडीएम कैंप, भोजन और धुलाई क्षेत्र भी बनाए जाएंगे। हालांकि, संबंधित विभागों को कार्यों का औपचारिक आवंटन होना अभी बाकी है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन