भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पहली बार एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगी। 19 से 28 नवंबर तक बरखेड़ा नाथू स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशिया की छह देशों की महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। प्रतियोगिता में करीब 150 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण 166 देशों में किया जाएगा। इससे भोपाल को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को टीटी नगर स्टेडियम में पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। एशियन हॉकी फेडरेशन और हॉकी इंडिया के सहयोग से होने वाले इस आयोजन के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
भारत समेत छह देशों की टीमें दिखाएंगी दम
एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता के लिए स्टेडियम में एक साथ करीब पांच हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
फ्लड लाइट में रोज होंगे तीन मुकाबले
टूर्नामेंट के सभी मैच डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे। फ्लड लाइट की रोशनी में प्रतिदिन तीन मुकाबले होंगे। इससे दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला हॉकी देखने का अवसर मिलेगा।
आयोजन के दौरान मध्यप्रदेश की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और लोककलाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए विशेष जनजातीय व्यंजन और कला के स्टॉल लगाए जाएंगे।
सभी संभागों तक पहुंचेगी ट्रॉफी
प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए ट्रॉफी टूर आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत भोपाल से होगी और ट्रॉफी प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगी। इस दौरान मंत्री, सांसद और विधायक ट्रॉफी का स्वागत करेंगे।
स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। इसके लिए रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश में 22 एस्ट्रोटर्फ पर अभ्यास कर रहे खिलाड़ी
मंत्री सारंग ने बताया कि प्रदेश में हॉकी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। प्रदेश के 22 हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं, जबकि सात नए एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जारी है।
यह भी पढ़ें: एमपी: सागर एसपी से हटाए जाने के 4 दिन बाद IPS अनुराग सुजानिया का इस्तीफा
महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जीते 36 अंतरराष्ट्रीय पदक
मंत्री के मुताबिक, मध्यप्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक 18 स्वर्ण, 11 रजत और सात कांस्य सहित कुल 36 पदक जीते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश की खिलाड़ियों ने 141 पदक अपने नाम किए हैं।
प्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं, मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की सात महिला खिलाड़ी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
मंत्री सारंग ने कहा कि इस प्रतियोगिता से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही प्रदेश की बेटियों को हॉकी से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

