देश के पहले ‘रेयर अर्थ एवं टाइटेनियम थीम पार्क’ का उदघाटन 9 मई को
भोपाल। भारत अब महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। राजधानी भोपाल में देश के पहले रेयर अर्थ एवं टाइटेनियम थीम पार्क (RETTP) की स्थापना की जा रही है, जिसका उद्घाटन 9 मई को परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष एवं परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत के. मोहंती करेंगे।
परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय उपक्रम इंडियन रेयर अर्थ्स लिमिटेड (IREL India) द्वारा विकसित यह पार्क केवल एक प्रदर्शनी केंद्र नहीं, बल्कि “लैब से उद्योग तक” तकनीक पहुंचाने वाला राष्ट्रीय नवाचार मंच होगा। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान को सीधे औद्योगिक उपयोग में बदलना और भारत को रेयर अर्थ मिनरल्स व टाइटेनियम तकनीक में वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।
पार्क में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र द्वारा विकसित अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। यहां नियोडिमियम, सेरियम जैसे दुर्लभ खनिजों के निष्कर्षण और प्रसंस्करण की उन्नत तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, पुराने और अनुपयोगी मैग्नेट्स की रिसाइक्लिंग कर उनसे फिर से मूल्यवान तत्व निकालने की प्रक्रिया भी दिखाई जाएगी।
सर्कुलर इकोनॉमी और ग्रीन टेक्नोलॉजी पर फोकस
पार्क का विशेष जोर सर्कुलर इकोनॉमी और सतत विकास पर रहेगा। यहां खनिज संसाधनों के पुनः उपयोग और रिसाइक्लिंग तकनीकों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आयात पर निर्भरता भी कम होगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग में रेयर अर्थ मिनरल्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में भोपाल का यह पार्क भारत को रणनीतिक खनिज क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकता है।
यह थीम पार्क ‘3पी फ्रेमवर्क’ पर काम करेगा
प्रोसेस – रेयर अर्थ एवं टाइटेनियम क्षेत्र में नई तकनीकों और नवाचारों का विकास।
परफॉर्मेंस – उच्च औद्योगिक गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना।
पीपल- युवाओं और पेशेवरों को कौशल प्रशिक्षण देकर विशेषज्ञ मानव संसाधन तैयार करना।

