Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल ने ठोकी 2027 एशियन रोइंग चैंपियनशिप की दावेदारी, अंतरराष्ट्रीय रोइंग हब...

भोपाल ने ठोकी 2027 एशियन रोइंग चैंपियनशिप की दावेदारी, अंतरराष्ट्रीय रोइंग हब बनने की ओर बड़ा कदम

भोपाल: मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक और अहम पहल हुई है। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (RFI) के महासचिव सुभाषित मुखर्जी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से मुलाकात कर वर्ष 2027 की एशियन रोइंग चैंपियनशिप और एशियन रोइंग कप-1 की मेजबानी के लिए भोपाल की दावेदारी पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री सारंग को औपचारिक प्रस्ताव सौंपते हुए राज्य सरकार से अनुरोध किया कि भारत की ओर से भोपाल की दावेदारी को मजबूत बनाने के लिए एशियन रोइंग फेडरेशन के समक्ष प्रभावी प्रस्तुति दी जाए।

भोपाल क्यों है सबसे मजबूत दावेदार?

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भोपाल का अपर लेक (बड़ा तालाब) अपनी प्राकृतिक विशेषताओं, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रोइंग सुविधाओं, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के अनुभव और राज्य सरकार के सहयोग के कारण इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए भारत का सबसे मजबूत विकल्प है।

यदि आयोजन भोपाल को मिलता है, तो एशिया के शीर्ष खिलाड़ी, तकनीकी अधिकारी और खेल प्रशासक यहां पहुंचेंगे, जिससे मध्यप्रदेश की खेल अधोसंरचना, पर्यटन और आयोजन क्षमता को वैश्विक पहचान मिलेगी।

हरसंभव सहयोग देगी सरकार- विश्वास सारंग

सहकारिता विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से देश की “स्पोर्ट्स कैपिटल” के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि 2027 एशियन रोइंग चैंपियनशिप और एशियन रोइंग कप-1 की मेजबानी दिलाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। उनके अनुसार, यह आयोजन मिलने से खेल पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, युवाओं में रोइंग के प्रति रुचि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी।

कई चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने बताया कि एशियन रोइंग फेडरेशन ने वर्ष 2027 के आयोजनों के लिए सदस्य देशों से मेजबानी के प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। चयन प्रक्रिया के तहत बिड डॉक्यूमेंट, तकनीकी प्रस्तुतीकरण, स्थल निरीक्षण और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इस पूरी प्रक्रिया में राज्य सरकार का सहयोग भारत की दावेदारी को और मजबूत करेगा।

बैठक में प्रदेश में रोइंग खेल के विकास, खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और भोपाल को अंतरराष्ट्रीय रोइंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री सारंग ने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश अपनी उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना और प्रशासनिक क्षमता के दम पर इस प्रतिष्ठित एशियाई आयोजन की सफल मेजबानी कर देश का गौरव बढ़ाएगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन