Monday, November 9, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में दीपावली की रात तीन जगह आग, तीसरी मंजिल पर फंसे...

भोपाल में दीपावली की रात तीन जगह आग, तीसरी मंजिल पर फंसे 3 लोगों को बचाया

भोपाल। दीपावली की रात राजधानी भोपाल में आग की तीन घटनाओं ने त्योहार की खुशियों के बीच अफरा-तफरी मचा दी। घोड़ा नक्कास में एक बिल्डिंग की दुकान में भीषण आग लगने से ऊपरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य फंस गए। धुएं और लपटों के बीच स्थानीय युवकों ने करीब 40 फीट की ऊंचाई से रस्सी के सहारे तीनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। वहीं, गांधीनगर की ग्रीन वे कॉलोनी में दीये से पर्दों में आग लगने के बाद पूरा घर इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में नकदी, जेवर और घरेलू सामान सहित करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ। तीसरी घटना लाल मस्जिद के पास कचरे के ढेर में आग लगने की हुई।

घोड़ा नक्कास में दुकान में लगी भीषण आग

घोड़ा नक्कास में कुंदन नमकीन के सामने स्थित एक बिल्डिंग की दुकान में दीपावली की रात अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और बिल्डिंग में धुआं भर गया। इस दौरान तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य फंस गए। बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल होने पर आसपास के युवकों ने सूझबूझ दिखाई और रस्सी की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई से तीनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

जानकारी के अनुसार, सुपारी सेंटर के संचालक प्रेम मंगानी (निवासी 12 नंबर) शाम करीब सात बजे दुकान में पूजा-अर्चना करने के बाद उसे बंद कर घर चले गए थे। इसके बाद दुकान में आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखे सामान और आसपास के हिस्सों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। आग लगने के कारणों और वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इस हादसे में स्थानीय युवकों की तत्परता से तीसरी मंजिल पर फंसे तीन लोगों की जान बच गई।

दीये से पर्दों में लगी आग, 25 लाख का नुकसान

दूसरी घटना गांधीनगर एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रीन वे कॉलोनी के एक फ्लैट में हुई। यहां दीपावली की रात पूजा के बाद जलाए गए दीयों से पर्दों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर के दूसरे हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

फायर फाइटर पंकज यादव के अनुसार, आग से घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, कपड़े, किचन का सामान और सोने-चांदी के जेवर जल गए। घर में रखी नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, हादसे में करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। लक्ष्मी पूजन के बाद सभी सदस्य रिश्तेदारों से मिलने गए थे। इसी दौरान आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

लाल मस्जिद के पास कचरे के ढेर में आग

तीसरी घटना लाल मस्जिद के पास रफीकिया स्कूल के नजदीक एक गली में हुई। यहां कचरे के ढेर में रात करीब 11 बजे आग लग गई। बताया गया कि कचरे में फ्रिज का वेस्ट मटेरियल पड़ा था, जिसने आग पकड़ ली। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन