Wednesday, November 25, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में फर्जी IAS गिरफ्तार: 12वीं पास युवक 14 साल तक PMO...

भोपाल में फर्जी IAS गिरफ्तार: 12वीं पास युवक 14 साल तक PMO अधिकारी बनकर करता रहा करोड़ों की ठगी

भोपाल: राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो महज 12वीं पास होने के बावजूद खुद को IAS अधिकारी बताकर 14 साल तक लोगों को ठगता रहा। आरोपी रामानुज गुर्जर लोगों पर रौब जमाने के लिए खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में पदस्थ बताता था। सरकारी नौकरी, ठेके और टेंडर दिलाने का झांसा देकर वह सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठ चुका है। उसके खिलाफ अलग-अलग पुलिस थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

2012 से शुरू किया फर्जी IAS बनने का खेल

पुलिस के मुताबिक, रामानुज गुर्जर ने वर्ष 2012 में खुद को IAS अधिकारी बताकर ठगी करना शुरू किया था। वह लोगों को भरोसा दिलाता था कि उसकी प्रधानमंत्री कार्यालय तक सीधी पहुंच है। इसी पहचान का इस्तेमाल कर वह सरकारी नौकरी लगवाने, ठेके दिलाने और टेंडर पास कराने का झांसा देता था। उसके झांसे में आम लोगों के साथ वकील, बिल्डर और सरपंच जैसे लोग भी आ गए।

पहले भी जा चुका है जेल, बाहर आते ही बदला तरीका

रामानुज के खिलाफ ठगी के पुराने मामले भी दर्ज हैं। वर्ष 2012 में जयपुर में उसने एक वकील से 5 लाख रुपये ठगे थे। वहीं भोपाल के हबीबगंज थाने में छह सरपंचों से करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है।

जेल से बाहर आने के बाद उसने अपनी पहचान और ठगी का तरीका बदल लिया। इस बार उसने आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर एक व्यक्ति को निशाना बनाया। लाइसेंस दिलाने का भरोसा देकर उससे 7 लाख रुपये ले लिए। आरोपी ने यह रकम नकद लेने के बजाय ऑनलाइन अपने बैंक खाते में जमा कराई।

ममेरे भाई ने बनाया वीडियो, खुल गया ठगी का राज

आरोपी ने ठगी के लिए रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ा। उसने अपने ममेरे भाई को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे भी रकम वसूली। इस दौरान उसके ममेरे भाई ने रुपये लेते हुए रामानुज का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो गांधीनगर पुलिस को सौंप दिया गया। ममेरे भाई ने पुलिस को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी भी दी। इसी वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कूटरचित वीडियो प्रसारित करने पर भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत

10 से ज्यादा थानों में शिकायतें, नेटवर्क की जांच शुरू

गांधीनगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी के मुताबिक, रामानुज गुर्जर के खिलाफ 10 से अधिक पुलिस थानों में करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने मामलों, ठगी के शिकार लोगों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे ठगी नेटवर्क में उसके साथ अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।

पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने फर्जी IAS अधिकारी की पहचान का इस्तेमाल कर लंबे समय तक अलग-अलग शहरों में लोगों को निशाना बनाया। अब उसके पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन