भोपाल: भोपाल में राशन वितरण की व्यवस्था नए साल से बदलने जा रही है। अब पात्र हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा (CBDC) के जरिए दिया जाएगा। इसके लिए जिले के करीब 14 लाख राशन कार्डधारियों का सत्यापन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने दिसंबर 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा है। सत्यापन पूरा होने के बाद 1 जनवरी 2027 से नई डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
इस पायलट परियोजना के तहत राशन वितरण को अधिक पारदर्शी बनाने के साथ पूरी प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ने की तैयारी है। हालांकि, नई व्यवस्था का लाभ लेने के लिए राशन कार्ड में दर्ज परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी का सत्यापन कराना जरूरी होगा।
आधार और समग्र में मोबाइल नंबर एक होना जरूरी
नई डिजिटल व्यवस्था में शामिल होने के लिए हितग्राहियों को व्हाइटलिस्टिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके तहत परिवार के प्रत्येक सदस्य का विवरण सत्यापित किया जाएगा। इसके लिए कार्डधारियों को अपनी नियमित उचित मूल्य राशन दुकान पर पहुंचकर परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी दर्ज करानी होगी।
सत्यापन के दौरान आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर और समग्र पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर का एक समान होना अनिवार्य है। यदि दोनों जगह अलग-अलग मोबाइल नंबर दर्ज हैं, तो पहले उनमें सुधार कराना होगा। इसके बाद ही संबंधित सदस्य का सत्यापन पूरा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें: बजरंगगढ़ किले के आसपास अवैध खनन पर NGT की नजर, कलेक्टर समेत 5 अधिकारियों को नोटिस
दिसंबर तक पूरा करना होगा सत्यापन
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना अपनी संबंधित राशन दुकान पर पहुंचकर सत्यापन कराएं। परिवार के किसी सदस्य की जानकारी अधूरी रहने पर नई व्यवस्था लागू होने के बाद राशन प्राप्त करने में तकनीकी परेशानी हो सकती है।
प्रशासन का लक्ष्य दिसंबर तक सभी 14 लाख कार्डधारियों का सत्यापन पूरा करना है, ताकि 1 जनवरी 2027 से डिजिटल मुद्रा आधारित राशन वितरण शुरू किया जा सके।

