भोपाल। राजधानी के कमला नगर इलाके में आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई ने हैवानियत की हद पार कर दी। बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर उसे निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा और उसके चेहरे पर पेशाब तक किया। आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार की है, जबकि शिकायत रविवार को कमला नगर थाने पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल हनुमानगंज थाना क्षेत्र का पाया गया, जिसके बाद मामला वहां ट्रांसफर किया गया। हनुमानगंज पुलिस ने मंगलवार देर रात केस दर्ज किया है, हालांकि अब तक आरोपी फरार हैं।
हनुमानगंज टीआई अवधेश सिंह भदौरिया के अनुसार, पीड़ित ने शुरुआती शिकायत में चेहरे पर पेशाब किए जाने की बात नहीं बताई थी। बाद में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उनका कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपियों की जल्द पकड़ लिया जायेगा।
पीड़ित और आरोपी दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय पीड़ित मजदूरी करता है और उसके खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी प्रेम थापा, गट्टू पिस्टल और एक नाबालिग हाल ही में जेल से छूटे हैं और कमला नगर क्षेत्र के कुख्यात बदमाश बताए जा रहे हैं।
जेल से छूटते ही फिर अपराध
प्रेम थापा दो महीने पहले सेंट्रल जेल भोपाल से रिहा हुआ था। नाबालिग आरोपी 20 दिन पहले बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। जबकि गट्टू पिस्टल 10 दिन पहले जमानत पर छूटा था। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बहाने से युवक को नादरा बस स्टैंड बुलाया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और कपड़े उतारकर प्रताड़ित किया गया।
रहम की गुहार, फिर भी नहीं रुके बदमाश
पीड़ित बार-बार छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने बेल्ट, लात-घूंसों और चाकू से हमला जारी रखा। घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की गई।
गैंगवार की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला गैंगवार का हिस्सा था। पीड़ित एक अन्य अपराधी उमेश बम लहरी का करीबी बताया जा रहा है, जो फिलहाल हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद है। विरोधी गैंग ने उसे निशाना बनाकर यह वारदात की।

