दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने एक अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और कच्चा माल बरामद किया गया है।

पेट्रोलिंग के दौरान मिली बड़ी सफलता

जानकारी के मुताबिक, 21 अप्रैल की शाम वजीराबाद इलाके में नियमित पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद अयूब के रूप में हुई, जो मुरादाबाद का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो देसी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिससे पुलिस को बड़े नेटवर्क का शक हुआ।

अयूब ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह ये हथियार मुरादाबाद के सोनू नाम के व्यक्ति से खरीदता था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक स्पेशल टीम बनाकर मुरादाबाद में छापेमारी की।

फैक्ट्री से हथियारों का जखीरा बरामद

वहीं छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जहां से 3 देसी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस, अधूरे हथियार, मशीनरी और भारी मात्रा में कच्चा सामान बरामद किया गया। मौके से इदरीश और शादाब को गिरफ्तार किया गया, जो इस फैक्ट्री को चला रहे थे।

साथ ही जांच में सामने आया कि इस फैक्ट्री में एक बार में करीब 50-60 देसी कट्टे तैयार किए जा सकते थे। यह अवैध कारोबार पिछले एक साल से चल रहा था, जिससे यह नेटवर्क कितना बड़ा है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

मास्टरमाइंड फरार, तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, सोनू नाम का व्यक्ति इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड है, जो अभी फरार है। वही फैक्ट्री के लिए जगह, कच्चा माल और हथियारों की सप्लाई का इंतजाम करता था।

गिरफ्तार आरोपी इदरीश पिछले 20-25 वर्षों से हथियार बनाने के काम में शामिल था, जबकि शादाब उसका सहयोगी था। दोनों को हर हथियार के हिसाब से भुगतान किया जाता था।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि इस अवैध हथियार सप्लाई चेन को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *