नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी अब जेन-जी यानी युवा मतदाताओं की सोच, जरूरतों और समस्याओं को समझने के लिए सीधे उनसे संवाद करने की तैयारी में है। पार्टी इसके लिए ‘युवा संवाद’ नाम से एक विशेष आउटरीच अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत 14 से 25 साल की उम्र के युवाओं से सीधे संपर्क कर उनके मुद्दों और अपेक्षाओं को समझने पर फोकस रहेगा।
इसके लिए पार्टी ने एक विशेष टीम भी तैयार की है। इसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेता शामिल हैं।
अगले महीने से युवाओं के बीच पहुंचेगी टीम
पार्टी की नई टीम के सदस्य अगले महीने से युवाओं के बीच जाकर संवाद करेंगे। अभियान के दौरान शिक्षा, रोजगार, तकनीक, करियर और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर उनकी राय जानने की कोशिश की जाएगी।
BJP का यह अभियान युवा मतदाताओं के साथ पार्टी के संवाद को मजबूत करने और उनकी प्राथमिकताओं को संगठन की रणनीति से जोड़ने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।
नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ बूथ और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
इसके अलावा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी मंथन हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम भाजपा मुख्यालय में नई टीम के सदस्यों से संवाद कर सकते हैं।

