Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsडॉ. मुखर्जी जयंती पर भाजपा का बड़ा अभियान: MP में 15 दिन...

डॉ. मुखर्जी जयंती पर भाजपा का बड़ा अभियान: MP में 15 दिन तक मनाया जाएगा ‘बूथ गौरव दिवस’

धारा 370 की समाप्ति और वृक्षारोपण अभियान के साथ बूथ स्तर तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 23 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाएगी। भाजपा इस दौरान ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पक्ष’ के तहत बूथ स्तर पर ‘बूथ गौरव दिवस’ मनाएगी और विभिन्न वैचारिक कार्यक्रम आयोजित करेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मप्र में इस अभियान की निगरानी प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह करेंगे। पार्टी का फोकस धारा 370 की समाप्ति और डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर रहेगा।

अभियान के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें डॉ. मुखर्जी के सामाजिक, राजनीतिक और वैचारिक योगदान पर प्रबुद्ध वक्ताओं के व्याख्यान होंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाने को अखंड भारत के संकल्प की पूर्ति के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

युवा वर्ग को जोड़ने के लिए भाजपा युवा मोर्चा की अगुवाई में प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों के बाहर छात्र सम्मेलन भी आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को डॉ. मुखर्जी के विचारों और भाजपा की राष्ट्रवादी सोच से परिचित कराया जाएगा।

इसके अलावा प्रदेश के शहरों और नगरों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर मार्ग, चौराहे या उद्यान नामित किए जाएंगे। उनकी प्रतिमा अथवा चित्रों का अनावरण भी किया जाएगा। मानसून को देखते हुए प्रत्येक बूथ पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
भाजपा का दावा है कि यह अभियान संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ डॉ. मुखर्जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन