दतिया। दतिया जिले में भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक विस्तार लगातार जारी है। रविवार को विभिन्न समाजों के सैकड़ों युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भाजपा में शामिल हुए, जिससे जिले की राजनीति में संगठन की पकड़ और मजबूत होती दिखाई दे रही है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा तथा जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाह की उपस्थिति में 250 से अधिक नए सदस्यों को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। सभी को पार्टी की पट्टिका पहनाकर विधिवत रूप से संगठन में शामिल किया गया। पार्टी में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से दीपक माली, सानू अली, जाकिर हुसैन, बेटू खान, अक्षय रावत, राज सेनी, कृष्णा सेनी, रफीक खान, रवि माली और अंश रावत सहित कई अन्य लोग शामिल रहे। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने कार्यक्रम को और व्यापक स्वरूप दिया।
इस मौके पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा की जनहितकारी नीतियां, विकास कार्य और संगठन की मजबूत कार्यशैली के कारण आम जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का प्रभाव सीधे जनता तक पहुंच रहा है, जिसके कारण लोग स्वेच्छा से पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में युवाओं और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। पार्टी में शामिल नये सदस्यों ने भी संगठन के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए आगामी चुनावों में पूरी मजबूती से भाजपा को विजय दिलाने का संकल्प लिया।
पाल यादव समाज ने भी थामा भाजपा का दामन
विधानसभा में पाल यादव समाज के सम्मानित एवं प्रबुद्धजनों ने भाजपा की रीति-नीति और जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर सभी सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह भी उपस्थित रहे।

