तिरुपति: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के श्री सिटी SEZ में स्थित एक फार्मा कंपनी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। कंपनी के बॉयलर में जोरदार धमाका होने से 5 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
धमाका इतना भीषण था कि बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। धमाके की आवाज कई किलोमीटर तक सुनी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और NDRF
सूचना मिलते ही सत्यवेडु मंडल पुलिस, फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। घायलों को तिरुपति के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान जारी नहीं की है।
जांच में जुटी पुलिस
श्री सिटी के अधिकारी के मुताबिक, बॉयलर फटने की असली वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस चार एंगल से जांच कर रही है –
1. तकनीकी खराबी
2. सुरक्षा व्यवस्था में चूक
3. मेंटेनेंस में लापरवाही
4. मानवीय भूल
पिछले एक साल में राज्य में यह दूसरा बड़ा औद्योगिक हादसा है। इससे पहले जून में विशाखापट्टनम स्टील प्लांट में लैडल टूटने से 8 कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें: रायसेन जिला पंचायत वार्ड-3 में पूजा चौकसे की 4900 वोटों से जीत
बॉयलर क्यों फटते हैं?
एक्सपर्ट के मुताबिक बॉयलर फटने के 4 बड़े कारण होते हैं – सेफ्टी वाल्व खराब होने से अत्यधिक प्रेशर बनना, पानी का स्तर कम होना, जंग और दरार के कारण बॉयलर कमजोर होना और गलत वाल्व ऑपरेशन जैसी मानवीय गलती।

