ला पाज (बोलीविया)। दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया से एक हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ है। राजधानी ला पाज के निकट एल अल्टो शहर में शुक्रवार शाम बोलीविया वायुसेना का ’हरक्यूलिस सी 130 ’ मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में 15 लोगों की मृत्यु हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हैं।
हादसे के बाद बनी लूट की स्थिति
विमान केंद्रीय बैंक से नए बैंक नोट लेकर अन्य शहरों की ओर जा रहा था। उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी या खराब मौसम के कारण विमान एक व्यस्त राजमार्ग पर जा गिरा, जिससे वहां मौजूद लगभग एक दर्जन वाहन भी मलबे की चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई और चारों ओर नोट बिखर गए। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में देखा गया कि मलबे और शवों के बीच लोग बिखरे हुए नोट बटोरने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
बोलीविया विमान हादसा, नोटों से भरा वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 15 की मौत


