नई दिल्ली: भारत 12 और 13 सितंबर को BRICS Summit 2026 की मेजबानी करने जा रहा है। सम्मेलन भारत मंडपम में आयोजित होगा। इसमें कई देशों के नेता और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। उनके ठहरने और खाने-पीने के इंतजाम के लिए दिल्ली के फाइव स्टार होटल भी तैयार हैं।
BRICS Summit की तैयारियां सिर्फ बैठकों और सुरक्षा तक सीमित नहीं हैं। विदेशी मेहमानों को भारत के अलग-अलग हिस्सों का स्वाद चखाने के लिए राजधानी के बड़े होटल भी खास मेन्यू तैयार कर रहे हैं। कहीं शेफ अपनी मां की रेसिपी से प्रेरित खाना परोसेंगे, तो कहीं मिठाई के रूप में कमल नजर आएगा।
मां के हाथ के स्वाद से तैयार हुआ खास कलेक्शन
नई दिल्ली का ताजमहल होटल अपने मेहमानों के लिए ‘Tradition to Table’ नाम से खास रेसिपी कलेक्शन लेकर आया है। इसकी खास बात यह है कि होटल के शेफ ने उन व्यंजनों को चुना है, जिनका संबंध उनके बचपन और उनकी मां के हाथ के खाने से है।
इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों की झलक देखने को मिलेगी। कश्मीर के मसालेदार अखरोट से लेकर पुरानी दिल्ली का मैदा काजू, महाराष्ट्र की भाकरवाड़ी, राजस्थान की मिनी कचौड़ी, बंगाल की कुचो निमकी और तमिलनाडु का मुरुक्कू मेहमानों को परोसा जाएगा।
यह भी पढ़े : ‘Red Flag बहुत करीब से देखा है ’ Bigg Boss 20 में ईशा रिखी ने छेड़ी धोखे की बात
खाने की टेबल पर नजर आएगा ‘कमल’
द लीला पैलेस ने BRICS मेहमानों के लिए Edible Lotus तैयार किया है। इसे गुलाब, केसर और इलायची के स्वाद के साथ बनाया गया है और स्थानीय फलों के साथ परोसा जाएगा। कमल भारत का राष्ट्रीय फूल होने के साथ BRICS 2026 की पहचान में भी शामिल है। ऐसे में होटल ने खाने के जरिए भारतीय पहचान को सामने लाने की कोशिश की है।
द ललित के मेन्यू में स्वाद के साथ सेहत का ध्यान
द ललित ने अपने मेन्यू में भारतीय परंपरा और आधुनिक स्वाद का मेल रखा है। मेहमानों को गलौटी कबाब और तंदूर में बनी रोटियों जैसे भारतीय व्यंजनों के साथ कई अंतरराष्ट्रीय विकल्प भी मिलेंगे।
मेन्यू में मिसो पेस्ट के साथ ब्रेज्ड बैंगन और धीमी आंच पर तैयार चाइनीज पत्तागोभी जैसे व्यंजन भी शामिल किए गए हैं। होटल का जोर इस बात पर है कि विदेशी मेहमानों को भारतीय स्वाद मिले, लेकिन उनकी अलग-अलग खाने की पसंद और पोषण का भी ध्यान रखा जाए।

