उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई तीखे हमले किए, नए राजनीतिक संकेत दिए और सरकार पर बेबाक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि- 100 विधायक लेकर आइए… हम आपको मुख्यमंत्री बना देंगे। इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है।
PDA का विस्तार
अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत PDA (पिछड़ा–दलित–अल्पसंख्यक) मॉडल का ज़िक्र करते हुए की। उन्होंने कहा कि राज्य में अन्याय बढ़ने के साथ-साथ PDA का जनसमर्थन भी तेज़ी से बढ़ रहा है। पीड़ा जितनी बढ़ेगी, PDA उतना ही मजबूत और संगठित होगा।
रोबोट डॉग विवाद पर तंज
गलगोटिया यूनिवर्सिटी में रोबोट डॉग विवाद पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि- तकनीक अपनी जगह है, लेकिन लोगों को असली मुद्दों के बजाय दिखावे से भ्रमित किया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला
अखिलेश ने गीता का हवाला देते हुए कहा कि- जो माया में रहकर भी माया से दूर रहे… वही सच्चा योगी है। केवल वस्त्र पहन लेने से कोई योगी नहीं बन जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे लोगों को निशाना बना रही है, जो समाज में सम्मानित और पूज्य माने जाते हैं। वहीं शंकराचार्य विवाद पर बयान देते हुए अखिलेश ने कहा कि- पूज्य शंकराचार्य जिस अपमान का सामना कर रहे हैं, वह बेहद दुखद है। कुछ लोग अंधेरे में पुरानी फिल्में देखकर उन पर घटिया आरोप लगा रहे हैं। पहले हम उन्हें सम्मान दिलाएंगे।
गोरखपुर पर बड़ा आरोप
गोरखपुर की स्थिति पर उन्होंने गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि- गोरखपुर में 19 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई। स्वास्थ्य और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में बड़े पैमाने पर लापरवाही है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि- गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा है। एक बार फिर साफ कहा- हमारा ऑफर वही है, 100 विधायक लेकर आइए, मुख्यमंत्री बन जाइए।
बीजेपी पर तंज
साथ ही बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- ये लोग कहते कुछ और हैं करते कुछ और… पहली रोटी कभी गाय को नहीं खिलाते, पहले खुद खाते हैं। अखिलेश ने यह भी कहा कि- राहुल गांधी की SPG सुरक्षा हटाना और घर छीनना गलत संदेश देता है। उन्होंने कहा- हमारा भी घर छीना गया, लेकिन इससे हम कमजोर नहीं हुए और मजबूत होकर लौट रहे हैं।


