मुंबई: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट का मुंबई दौरा इन दिनों चर्चा में है। भारत दौरे के दूसरे दिन प्रिंस विलियम टुक-टुक यानी इलेक्ट्रिक ऑटो चलाते नजर आए। खास बात यह रही कि उनकी पत्नी केट भी पीछे बैठी दिखाई दीं। दोनों का यह अनोखा अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया।
दोनों अर्थशॉट प्राइज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे
प्रिंस विलियम और केट मुंबई में अर्थशॉट प्राइज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके टुक-टुक पर अर्थशॉट प्राइज का लोगो भी लगा हुआ था। इस अंदाज में कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर प्रिंसेस केट ने कहा-‘यहां आने का यह सबसे अच्छा तरीका है।’
अर्थशॉट प्राइज 2026 के फाइनलिस्ट से मुलाकात की
इस दौरान शाही दंपति ने अर्थशॉट प्राइज 2026 के फाइनलिस्ट से मुलाकात की। वहीं, प्रिंस विलियम और केट आज मुंबई में ई-रिक्शा की सवारी भी करेंगे। उनका यह दौरा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन जैसे मुद्दों पर भी ध्यान खींच रहा है।
अर्थशॉट विजेताओं को 11-11 करोड़ रुपए देंगे
प्रिंस विलियम ने करीब 6 साल पहले अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी। इसका मकसद पर्यावरण की समस्याओं के समाधान के नए तरीके खोजने वाले लोगों और संस्थाओं को बढ़ावा देना है।
हर साल 5 विजेताओं को चुना जाता है। हर विजेता को 10 लाख पाउंड यानी करीब 11 करोड़ रुपए दिए जाते हैं।
आज मुंबई में इस पुरस्कार का छठा समारोह होगा। केंसिंग्टन पैलेस के मुताबिक, यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसके लिए भारत के 24 राज्यों के 15 हजार स्कूलों तक कार्यक्रम पहुंचाया गया है।
समारोह से पहले प्रिंस विलियम पुरस्कार के फाइनलिस्ट से मुलाकात करेंगे। इस साल भारत की महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी भी फाइनलिस्ट में शामिल है। यह कंपनी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बनाती है।
पहली बार बच्चों के लिए चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड समारोह भी होगा
इस बार पहली बार बच्चों के लिए चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड समारोह भी होगा। इसमें 9 से 17 साल के बच्चों के पर्यावरण बचाने से जुड़े विचारों और कामों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके लिए बच्चों को अपने आसपास की पर्यावरण संबंधी समस्याओं के समाधान तैयार करने के लिए आमंत्रित किया गया था।
ये भी पढ़ें: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुए मिचेल सैंटनर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को मिला मौका
भारत से सबसे ज्यादा विजेता और फाइनलिस्ट चुने गए
अर्थशॉट प्राइज के मुताबिक, अब तक भारत से सबसे ज्यादा विजेता और फाइनलिस्ट चुने गए हैं। यह पुरस्कार जलवायु परिवर्तन, कचरे, वायु प्रदूषण, समुद्रों के संरक्षण और पेड़-पौधों व जीव-जंतुओं को बचाने से जुड़े समाधानों के लिए दिया जाता है।
अर्थशॉट प्राइज के CEO जेसन नॉफ ने कहा कि मुंबई में होने वाला समारोह भारत के पर्यावरण से जुड़े काम, नई सोच और संस्कृति को दुनिया के सामने लाने का बड़ा मौका है।
उनके मुताबिक, इस बार पुरस्कार समारोह में अब तक का सबसे बड़ा स्कूल कार्यक्रम और कई खास प्रस्तुतियां होंगी।

