Monday, November 9, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsखरगोन में बीमार मां की देखरेख को लेकर विवाद, भाई बना भाई...

खरगोन में बीमार मां की देखरेख को लेकर विवाद, भाई बना भाई का हत्यारा

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम शकरखेड़ी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बीमार मां की देखभाल को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या का राज छिपाने के लिए घर के पीछे बने कमरे में गड्ढा खोदा और बड़े भाई के शव को जमीन में दफना दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 32 वर्षीय पूनम बारे के रूप में हुई है, जबकि मृतक का नाम संतोष बारे था। बताया गया कि बीमार मां की देखरेख को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान पूनम ने बड़े भाई संतोष के सिर, हाथ और पैरों पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया और अगले दिन उसकी मौत हो गई।

शव छिपाने के लिए घर में ही खोदा गड्ढा

हत्या के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने की कोशिश की। उसने घर के पीछे बने कमरे में गड्ढा खोदकर संतोष के शव को दफना दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने बच्चों को भी इस घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

संदेह होने पर पुलिस ने शुरू की जांच

परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों को घटना को लेकर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भीकनगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान घर में खुदाई कराई गई, जहां जमीन में दबा संतोष का शव बरामद हुआ। इसके बाद हत्या का मामला सामने आया।

आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल लाठी जब्त

पुलिस ने हत्या के आरोपी पूनम बारे को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई लाठी भी जब्त कर ली गई है। एसपी रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में भीकनगांव पुलिस ने कार्रवाई की। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन