शाजापुर: जब दुनिया आधुनिकता की दौड़ में अपनी जड़ों से दूर होती जा रही है, तब शाजापुर का गवली समाज आज भी अपनी सदियों पुरानी परंपरा को पूरे श्रद्धा भाव और उत्साह के साथ निभा रहा है। दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर जिले भर में भगवान गोवर्धन नाथ की अनूठी पूजा हुई, जिसमें आस्था, परंपरा और सामूहिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
गोवर्धन की शरण में लिटाए गए बच्चे
पड़वा के दिन गवली समाज की सबसे खास परंपरा बच्चों को गोवर्धन महाराज की शरण में लिटाने की है। गाय के गोबर से बनाए गए गोवर्धन पर्वत पर एक दिन के नवजात से लेकर युवाओं तक को लिटाया गया। समाज के वरिष्ठजनों की मान्यता है कि ऐसा करने से बच्चे पूरे वर्ष निरोगी रहते हैं, उन पर किसी प्रकार की बीमारी का साया नहीं पड़ता और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। लिटाने के बाद सभी युवाओं ने अपने बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
सुबह से ही सज गया पूजा स्थल
पूजा की तैयारी सुबह से ही शुरू हो गई थी। समाज की महिलाएं एक स्थान पर एकत्रित होकर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की सुंदर आकृति बनाती हैं। हर घर से खीर-पूरी, मिठाई और एक कुल्हड़ में गाय का शुद्ध दूध पूजा के लिए लाया जाता है। भगवान को भोग लगाने के बाद इस दूध को प्रसाद के रूप में बांटा जाता है। मान्यता है कि यह प्रसादी दूध पीने से व्यक्ति पूरे वर्ष स्वस्थ रहता है।
धानी-बताशों के साथ लगी सात परिक्रमा
सामूहिक पूजा के बाद समाज के पुरुष हाथों में धानी और बताशे लेकर गोवर्धन पर्वत की सात परिक्रमा लगाते हैं। ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है। पूजा के बाद बचे हुए गोबर को देवउठनी एकादशी पर समाजजन अपने घर ले जाते हैं और रसोई व पूजा घर में लीपते हैं, ताकि घर में शांति और समृद्धि बनी रहे।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में मामूली तेजी, सेंसेक्स 107 अंक चढ़कर 81,106 पर बंद;निफ्टी भी 58 अंक ऊपर
महाभारत काल से जुड़ी है परंपरा
समाज के वरिष्ठ पूनमचंद गवली बताते हैं, यह परंपरा महाभारत काल से जुड़ी है। जब इंद्रदेव ब्रजभूमि पर रुष्ट होकर पूरे ब्रज को डुबाने लगे थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर पशुधन और ग्वालों की रक्षा की थी। तभी से गवली समाज गोवर्धन महाराज की पूजा करता आ रहा है।

