दमोह में हैवानियत, किशोर की हत्या के बाद शव के साथ अमानवीय कृत्य, आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

दमोह। युवक की हत्या के बाद शव से अमानवीय कृत्य और नरपिशाच जैसा सलूक करने का मामला जिले से सामने आया है। इस हत्याकांड ने समूची मानवता को शर्मसार कर दिया। जिले की इमलिया पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव अर्थखेड़ा की घटना है। जहां एक सनकी ने नाबालिग किशोर की बेरहमी से हत्या ही नहीं की बल्कि उसके अंगों को खाने की बात भी सामने आ रही है। इस कृत्य के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। मामला पुलिस ने दर्ज कर जांच में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक भरत विश्वकर्मा (16) भाई दूज के अवसर पर अपनी बहन के घर से लौट रहा था, तभी गांव के ही आरोपी गुड्डा पटेल ने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने पहले रॉड और फिर हथौड़े से लगातार वार कर किशोर की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के साथ अमानवीय हरकतें कीं, जिसे देखकर आसपास के लोग सहम गए।
घटना के बाद आरोपी खेतों में छिप गया। ग्रामीणों ने खेत की घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने ग्रामीणों और पुलिस पर पत्थरबाजी भी की। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने भारी बल के साथ कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक रिकार्ड भी रहा है। कुछ वर्ष पहले उसने अपनी पत्नी की हत्या की थी और सजा काटने के बाद हाल ही में जेल से बाहर आया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गहन जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *