Saturday, October 31, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजबलपुर में 4 करोड़ का गांजा जब्त, कंटेनर चालक समेत दो तस्कर...

जबलपुर में 4 करोड़ का गांजा जब्त, कंटेनर चालक समेत दो तस्कर गिरफ्तार

जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक कंटेनर से करीब 4 करोड़ 35 लाख रुपए कीमत का 871 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने कंटेनर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने गांजे की 28 बोरियों को कंटेनर में रखे 412 पेंट के डिब्बों के बीच छिपाया था, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो।

शनिवार रात करीब दो बजे की गई इस कार्रवाई में कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है।

इस कार्रवाई में जबलपुर पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग भी शामिल रही। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई

दरअसल, गोसलपुर थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम एनएच-30 पर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुस्करा मोड़ के पास तेज रफ्तार से जा रहे एक संदिग्ध कंटेनर पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस ने उसका पीछा किया और मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया। कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।

गांजा पहुंचाने के लिए एक लाख रुपए मिलते

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 45 वर्षीय धर्मवीर सिंह और पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी 24 वर्षीय विक्रम करमाकर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू के कहने पर वह गांजे की खेप मध्य प्रदेश लेकर आया था। इसके बदले उसे एक बार गांजा पहुंचाने के लिए एक लाख रुपए मिलने थे।

आरोपी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को उसने प्रभात साहू के यहां से गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की थीं। इन्हें मैहर पहुंचने से पहले एक जियो पेट्रोल पंप के पास उतारना था।

ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी का कांग्रेस पर निशाना, बोले- अराजकता से नहीं बदलेगी सरकार

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा, पेंट के 412 डिब्बे और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

25 to 31 October 2026
18 to 24 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन