शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोरा टीला रोड स्थित भेड़ फार्म के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, भरतपुर गांव निवासी उमाशंकर जाटव अपने परिवार के साथ शिवपुरी से इलाज कराकर लौट रहे थे। कार में उमाशंकर परिहार, रवि जाटव, अभिषेक जाटव, निर्भिन जाटव और शांति जाटव सवार थे।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार पलट गई। हादसे में उमाशंकर जाटव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य चार लोग भी घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल शिवपुरी में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।


