एडिशनल एसपी ने दी जानकारी, गोपालगंज थाना पुलिस ने शुरू की जांच
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ कथित अभद्रता के मामले में गोपालगंज थाना पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव और उनके साथी लक्ष्मी तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि पीड़ित स्टाफ की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान तथा उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना क्या थी?
गुरुवार देर रात करीब 2 बजे एक मरीज के इलाज के दौरान विवाद हो गया। महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने आरोप लगाया कि मरीज के साथ आए दोनों व्यक्तियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, बैड टच किया और अस्पताल के बाहर गोली मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़े कांग्रेस किससे लड़ रही है, भीतरघातियों से या भाजपा से ?
इस घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने अस्पताल के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई व अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
वहीं, अनिल श्रीवास्तव ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए इसे निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वे केवल मरीज को देखने गए थे। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

